उदयपुर

उदयपुर : छठ पर सर्वार्थसिद्धि योग : सूर्य के वृश्चिक राशि में प्रवेश से विशेष संयोग

उदयपुर में छठ पूजा पर इस बार सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग रहेगा। रविवार सुबह 6:50 से रात 11:28 बजे तक रहने वाले इस योग में सूर्य को अर्घ्य, पूजा और दान का विशेष महत्व रहेगा। वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त सुबह 8:09 से दोपहर 12:11 बजे तक है। इसी दिन शाम 7:41 बजे सूर्य वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा। 21 नवंबर से विवाह सहित मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 6:05 PM IST
Chhath Puja Fasting Health Tips 2026
सांकेतिक इमेजः Gemini

उदयपुर. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर इस बार सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है। रविवार को मनाए जाने वाले डाल छठ पर्व पर यह शुभ योग सुबह 6:50 बजे से रात 11:28 बजे तक रहेगा। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार सर्वार्थसिद्धि योग में पूजा-पाठ, दान-पुण्य और सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष फल प्राप्त होता है। इस दिन व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

वाहन खरीदने का भी शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य पं. प्रेम नारायण कुमावत के अनुसार छठ पूजा के दिन वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त सुबह 8:09 बजे से दोपहर 12:11 बजे तक रहेगा। हालांकि चंद्र राशि मिथुन, तुला और कुंभ वाले जातकों के लिए यह मुहूर्त वर्जित बताया गया है। शेष राशियों मेष, वृषभ, कर्क, सिंह, कन्या, वृश्चिक, धनु, मकर और मीन के जातकों के लिए यह समय शुभ और लाभकारी रहेगा।

सूर्य का वृश्चिक राशि में गोचर

सूर्य रविवार को शाम 7:41 बजे अपनी नीच राशि तुला से निकलकर मित्र राशि वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। वृश्चिक राशि मंगल की राशि है। इस गोचर का स्नान-दान पुण्यकाल सोमवार को दोपहर 12 बजे से सूर्यास्त तक रहेगा। इस दौरान विशेष परिवर्तन योग भी बनेगा। सूर्य मंगल की राशि वृश्चिक में और मंगल सूर्य की राशि सिंह में रहेंगे। यह स्थिति 30 दिनों तक रहेगी और इसका प्रभाव सभी राशियों पर देखने को मिलेगा।

21 नवंबर से मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त

वर्ष 2026 में विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों के लिए अंतिम शुभ अवधि 21 नवंबर से शुरू होगी। देवोत्थान एकादशी से 15 दिसंबर तक मांगलिक कार्य किए जा सकेंगे।

सूर्य के वृश्चिक राशि में प्रवेश का राशियों पर प्रभाव

मेष और वृषभ राशि के जातकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मिथुन, कन्या, वृश्चिक, मकर और कुंभ राशि के लिए समय श्रेष्ठ रहेगा। कर्क, सिंह, तुला और मीन राशि वालों पर मिला-जुला प्रभाव रहेगा, जबकि धनु राशि के जातकों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है।

ज्योतिषाचार्य कुमावत के अनुसार यह राशिफल चंद्र राशि पर आधारित सामान्य फल है। प्रत्येक जातक पर गोचर का वास्तविक प्रभाव उसकी व्यक्तिगत कुंडली और वर्तमान दशा-महादशा के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।

Updated on:
15 Nov 2026, 6:05 PM IST
Published on: