
डॉ. सुशीलसिंह चौहान/ उदयपुर. उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी की शनिवार को सूरजपोल स्थित राजस्थान महिला विद्यालय में जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य रघुवीर मीणा ने सभी पदाधिकारियों में जोश भरा। उन्होंने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में हुई पार्टी हार को भूल जाने की नसीहत दी। साथ ही आने वाले समय में प्रस्तावित नगर निकाय एवं जिला परिषद के चुनावों को लेकर कमर कसने को कहा। उन्होंने कहा कि गांव और शहरों में पार्टी की सरकार होगी तो विकास कार्य में गति आएगी। देहात कांग्रेस प्रवक्ता टीटू सुथार ने बताया कि समीक्षा बैठक को जिला सहप्रभारी शंकर यादव, नारायणसिह बड़ोली, वल्ल्भनगर विधायक गजेन्द्रसिंह शक्तावत, मांगीलाल गरासिया, सज्ज्नदेवी कटारा, हीरालाल दरांगी, ख्यालीलाल सुवालका, विधायक प्रत्याशी विवेक कटारा, सुनील भजात, संगठन महामंत्री श्यामलाल चौधरी, किशन त्रिवेदी, निर्भय सिंह सिंघवी, देहात उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंड्या एवं अन्य ने संबोधित किया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाने भी साधे। संचालन देहात कांग्रेस के संगठन महामंत्री श्यामलाल चौधरी ने किया।
चुनाव समिति में शामिल कुमावत व मीणा
उदयपुर. आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव, नगर निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश स्तर पर 12 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया। इसमें उदयपुर के प्रदेश प्रवक्ता भरत कुमावत व लाडूराम मीणा को भी शामिल किया गया। ये जानकारी प्रदेश सचिव देवेंद्र शास्त्री ने दी।