उदयपुर

उदयपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास ने कुछ ऐसा कर के बताया महंंगाई का असर, देखें video

उदयपुर शहर कांग्रेस का महंगाई के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन...

2 min read
Sep 29, 2017
congress party udaipur

उदयपुर . देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में बढ़ोतरी से बढ़ी महंगाई के चलते आम जनता पर बढ़े भार और उसकी मार को लेकर गुरुवार को यहां कलक्ट्री पर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसजन ने भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास सहित महिला पदाधिकारियों ने लकड़ी के चूल्हे पर रोटी सेक कर देश में बढ़ी महंगाई का प्रभाव सरकार को महसूस कराने का प्रयास किया।

शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दामों में वृद्धि एवं देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए कलक्ट्री के बाहर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष गोपाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इसमें देहात कांग्रेस के पदाधिकारी भी शामिल हुए। पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के साथ कांग्रेस नेता शांता प्रिंस, चंदा सुहालका, कामिनी गुर्जर सहित महिला पदाधिकारियों ने लकड़ी के चूल्हे पर रोटी बनाकर अपना प्रदर्शन दर्ज कराया। डॉ. व्यास ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस के दामों में वृद्धि और महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। आरोप लगाया कि अपनी मनमानी करते हुए बिना तैयारी के नोटबन्दी और जीएसटी लागू कर मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को भारी तौर पर प्रभावित किया और उसका सीधा प्रभाव आम जनता के जीवन पर पड़ा है।

शहर अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल, डीजल के दाम कम कर जनता को राहत दे। बाद में राज्यपाल के नाम एडीएम सिटी को ज्ञापन भी सौंपा गया। कांग्रेस प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख ने बताया कि इस मौके पर पूर्व उदयपुर प्रभारी शंकर यादव, सांसद रघुवीर मीणा, पूर्व विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत, त्रिलोक पूर्बिया, सज्जन कटारा, प्रदेश सचिव पंकज कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष पूरण मेनारिया, मुजीब सिद्दिकी, मोहनलाल शर्मा आदि उपस्थित थे।

Published on:
29 Sept 2017 03:52 pm