
Bजिला प्रभारी बोले: अब दिल्ली-जयपुर नहीं, जिला संगठन की राय से होंगे फैसले; निष्क्रिय पदाधिकारियों को भी दी चेतावनीB
Bराजसमंद. Bनगर निकाय और पंचायत चुनावों की आहट के साथ ही कांग्रेस ने राजसमंद में संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को धार देने की कवायद तेज कर दी है। जिला मुख्यालय स्थित चौमुखा महादेव मंदिर परिसर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में उतरने, बूथ स्तर तक पहुंच बनाने तथा आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने का संदेश दिया गया। पदाधिकारियों की नब्ज टटोलने और संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी मुख्यालय से कांग्रेस के जिला प्रभारी जगदीश जांगिड़ और सह प्रभारी असरार अहमद राजसमंद पहुंचे। बैठक में संगठन की सक्रियता के साथ प्रदेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर राजनीतिक हमले किए। जिला प्रभारी जांगिड़ ने कहा कि पहले संगठन से जुड़े फैसले दिल्ली और जयपुर स्तर से होते थे, लेकिन राहुल गांधी ने इस परंपरा को बदल दिया है। अब जिला स्तर के संगठन की राय और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास संघर्ष और जनसेवा की विरासत है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना होगा। जांगिड़ ने संगठनात्मक अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि जो पदाधिकारी लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित रहेगा, उसे स्वयं जिम्मेदारी छोड़नी चाहिए, अन्यथा पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
Bकांग्रेस शासन की योजनाओं को बंद कियाB
प्रदेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए जांगिड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन की कई योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर भी तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। जांगिड़ ने आरोप लगाया कि अंग्रेजी माध्यम के स्कूल बंद किए गए। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर आरएसएस को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
Bकार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंच बनाएंB
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव में पार्टी के चुनाव चिह्न के साथ प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो कार्यकर्ता और पदाधिकारी बेहतर काम करेगा, उसे टिकट दिलाने में राजसमंद के प्रभारी सहयोग करेंगे। सह प्रभारी असरार अहमद ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राम मंदिर से जुड़े दान में कथित अनियमितताओं के मुद्दे से भाजपा की छवि कमजोर हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
Bदिल्ली से राजस्थान तक बेइमानी का राजB
भीम के पूर्व विधायक सुदर्शन सिंह रावत ने कहा कि दिल्ली से लेकर राजस्थान तक बेईमानी का राज चल रहा है। कांग्रेस को इनका डटकर और एकजुट होकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने राजसमंद विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि जिला मुख्यालय में अव्यवस्थाओं के कारण विधायक को बार-बार अस्पताल के दौरे करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भी भीम विधायक के पुत्र को थाने के सामने बैठना पड़ रहा है, जो मौजूदा हालात को बयां करता है। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष हरिसिंह राठौड़, पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह भाटी, लहरूलाल अहीर, चुन्नीलाल पंचोली और दिनेश जोशी ने भी विचार व्यक्त किए। संदीप श्रीमाली ने संचालन किया। अंत में महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोरमा डाबी ने आभार जताते हुए संगठनात्मक बैठकों और चुनावी गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।