उदयपुर

सिलेंडर में लगी ‘आग’: होटल-ढाबों में खाना महंगा, PG में छोटी हुई थाली; जानिए 5 महीने में कितनी बढ़ी कीमतें

एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पांच महीने में लगभग दोगुनी हो गई। थाली से कहीं रोटी-सलाद तो कहीं डेजर्ट में कटौती करनी पड़ रही है। होटल और ढाबों में खाना महंगा हो गया है।

3 min read
May 03, 2026
महंगाई का बड़ा झटका: 5 महीनों में दोगुने हुए सिलेंडर के दाम (पत्रिका फोटो)

उदयपुर: रसोई की आग अब जेब पर भारी पड़ने लगी है। 30 अप्रैल की देर रात गैस कंपनियों ने व्यावसायिक सिलेंडर के दाम में एक झटके में 993 रुपए की बढ़ोतरी कर इसे 3099 रुपए पर पहुंचा दिया।

महज पांच महीनों में सिलेंडर 1429 रुपए महंगा होकर लगभग दोगुना हो चुका है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर शहर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर दिखने लगा है। कई जगह थाली के दाम 15 फीसदी तक बढ़ा दिए गए हैं और नए मैन्यू लागू कर दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें

LPG कनेक्शन हो सकता है बंद: सरकार का नया नियम, PNG यूजर्स को चेतावनी

कुछ संचालक खर्च काबू में रखने के लिए इलेक्ट्रिक भट्टी और इंडक्शन का सहारा ले रहे हैं। वहीं जहां दाम नहीं बढ़ाए गए, वहां थाली में रोटियों की संख्या कम कर 'एडजस्टमेंट' किया जा रहा है।

सबसे ज्यादा असर पीजी में रहने वाले छात्रों पर पड़ रहा है। चाय, नाश्ता, सब्जी और गैस के बढ़े खर्च के कारण मासिक बजट में करीब 1000 रुपए तक की बढ़ोतरी की आशंका है। पीजी संचालकों का कहना है कि या तो थाली महंगी करनी पड़ेगी या फिर आइटम घटाने होंगे।

एलपीजी गैस के दाम लगातार बढ़ने से हमारे संचालन खर्च में काफी बढ़ गया। अब सिलेंडर संचालन खर्च में की लागत इतनी बढ़ गई है कि पुराने रेट पर खाना परोसना मुश्किल हो गया। मजबूरी में हमें थाली और अन्य आइटम्स के दाम बढ़ाने पड़े हैं, वरना घाटे में काम करना पड़ता।
-पुष्कर साहू, रेस्तरां संचालक, देहली गेट

गैस महंगी होने का सीधा असर छोटे ढाबों पर पड़ा है। उनकी कमाई पहले ही सीमित होती है, ऊपर से सिलेंडर के बढ़े हुए दाम ने स्थिति और कठिन कर दी है। ग्राहक भी महंगाई से परेशान है, लेकिन खर्च निकालने के लिए उन्हें रेट बढ़ाने पड़े। अगर इसी तरह कीमतें बढ़ती रही तो आगे और दिक्कतें आएंगी।
-शांता प्रिंस, रेस्तरां संचालक, बैंक तिराहा, बापू बाजार

सिलेंडर की 'शवयात्रा' और फूल-माला चढ़ाकर विदाई, पाली में गैस के दाम बढ़ने पर अनोखा प्रदर्शन

घरेलू और व्यावसायिक मोर्चे पर महंगाई की मार झेल रही जनता का सब्र अब जवाब देने लगा है। तेल कंपनियों द्वारा हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर में 241 रुपए की बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ पाली में एक बेहद अनोखा और तीखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।

नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष भंवर राव के नेतृत्व में शिवाजी नगर ओवरब्रिज के पास आम जनता और छोटे व्यापारियों ने गैस सिलेंडर की 'शवयात्रा' निकाली और उस पर फूल-माला चढ़ाकर अनोखे अंदाज में अपनी श्रद्धांजलि और आक्रोश व्यक्त किया।

कंधे पर सिलेंडर, राहगीरों ने भी जताया समर्थन

शिवाजी नगर ओवरब्रिज पर जब लोग सिलेंडर को अर्थी की तरह कंधे पर उठाकर निकले, तो देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सिलेंडर को माला पहनाई और सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस अनूठे प्रदर्शन को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने भी इसका समर्थन किया और कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है।

रोजी-रोटी पर संकट: छोटे व्यापारियों का छलका दर्द

इस विरोध प्रदर्शन में सबसे ज्यादा संख्या उन छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों की थी, जिनकी रोजी-रोटी सीधे तौर पर कमर्शियल सिलेंडर से जुड़ी है। चाय की थड़ी, मोमोज, चाऊमीन, पानी-पूरी और पोहा का ठेला लगाने वाले छोटे वेंडर्स ने कहा कि सिलेंडर के दाम लगभग दोगुने होने से अब उनके सामने धंधा बंद करने की नौबत आ गई है।

मिठाई, नमकीन और रवा डोसा-इडली बेचने वाले व्यापारियों ने बताया कि लागत इतनी बढ़ गई है कि ग्राहकों से ज्यादा पैसे मांगें तो वे नाराज होते हैं और पुराने दाम पर बेचें तो खुद का घर चलाना मुश्किल हो गया है।

शादियों के सीजन से पहले आम आदमी की बढ़ी चिंता

प्रदर्शन में शामिल स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में शादियों और सामाजिक समारोहों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर के दाम करीब एक हजार रुपये बढ़ जाने से टेंट, कैटरिंग और हलवाई का खर्च काफी बढ़ जाएगा। इसका सीधा बोझ मध्यम और गरीब वर्ग की जेब पर पड़ेगा।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष भंवर राव ने कहा कि यह केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि सरकार की आंखें खोलने की कोशिश है। यदि जल्द ही बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस तरह महंगा होता गया सिलेंडर

  • 1 दिसंबर 2025- 1608 रुपए
  • 1 जनवरी 2026- 1719 रुपए
  • 1 फरवरी 2026- 1769 रुपए
  • 1 मार्च 2026- 1796 रुपए
  • 7 मार्च 2026- 1911 रुपए
  • 1 अप्रैल 2026- 2106 रुपए
  • 1 मई 2026- 3099 रुपए

ये भी पढ़ें

बलात्कार केस में फंसे IG किशन सहाय मीणा पर सरकार का बड़ा एक्शन, महिला ने लगाए गंभीर आरोप
Updated on:
03 May 2026 01:51 pm
Published on:
03 May 2026 01:50 pm
Also Read
View All