
उदयपुर . 2 एवं 3 दिसंबर को मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय परिसर में राजस्थान डिजिफेस्ट का आयोजन होगा। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की उपनिदेशक शीतल अग्रवाल ने बताया कि डिजिफेस्ट में युवाओं और आईटी स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए हैकाथन इवेन्ट (24 घंटे, मल्टी-विषय, कॉडर्स, डवलपर्स, डिजाइनरों, आविष्कारक और आस-पास के रचनाकारों के लिए नवाचार मैराथन) एवं आईटी एक्जीबिशन का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में प्रतिभागी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। जिले के तकनीकी संस्थानों एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए आवागमन की सुविधा के लिए बस सेवा मुख्यालय से उपलब्ध करवाई जा रही है।
सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित रोजगार , कुशलता निर्माण एवं आधुनिक तकनीकी को बढ़ावा देने के लिए बहुराष्ट्रीय कम्पनियों, संयुक्त उद्यमियों, निवेशकों को राज्य सरकार के साथ कार्य करने के लिए आमंत्रित किया गया हैं। डिजिफेस्ट के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों की पंचायत समिति/ग्राम पंचायत के निकटतम शैक्षणिक संस्थान के छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी का आयोजन होगा एवं विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।
उदयपुर को पर्यटकों का पसंदीदा अवकाश स्थल होने के लिये मिला राष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड
उदयपुर. झीलों की नगरी उदयपुर को पर्यटकों का पसंदीदा अवकाश स्थल होने के लिये राष्ट्रीय स्तर पर रनर अप अवार्ड प्राप्त हुआ है। नई दिल्ली केे ऐरो सिटी में कोंडे नस्ट ट्रेवलर रीडर्स ट्रेवल अवार्ड द्वारा आयोजित एक सादे समारोह में श्रीमती दिव्या थानी ने राजस्थान पर्यटक सूचना केन्द्र के श्री छत्रपाल को उदयपुर को 'फेवरेट लेजर डेस्टिनेशन इन इंडिया 'का अवार्ड प्रदान किया। इस मौके पर श्रीमती थानी ने कहा कि दुनिया भर में पूर्व का वेनिस और झीलों की खूबसूरत शहर के रूप में विख्यात उदयपुर में हर वर्ष देश विदेश के सैलानी बड़ी संख्या में पर्यटन भ्रमण के लिए आते है। पर्यटकों का पसंदीदा अवकाश स्थल होने के साथ- साथ उदयपुर डेस्टिनेशन मैरिज शादी ब्याह के लिए भी मशहूर हो रहा है। इस मौके पर ट्रेवलर ट्रेड से जुड़े कई जानी मानी हस्तियां और अन्य विशिष्टजन मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों उदयपुर को बेस्ट मैरिज डेस्टिनेशन का अवार्ड भी दिया गया था।