
एयरपोर्ट पर अगवानी करने वालों की सूची में से जिलाध्यक्षों के नाम हटे
उदयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार सुबह 11.30 बजे बेणेश्वर जाने के लिए उदयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। अमूमन रिवाज है कि सांसद-विधायकों के साथ ही स्थानीय भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी अगवानी करते हैं। लेकिन, रविवार को हुए वाकये ने हर किसी को अचंभित कर दिया। संभवत: यह पहली बार का ही मौका है, जब सीएम के आने पर भी भाजपा पदाधिकारियों को अगवानी का मौका नहीं दिया गया। जबकि, एक दिन पहले ही उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की अगवानी में पदाधिकारियों की मौजूदगी थी।
एनवक्त पर किया संशोधन
जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई सूची में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सदस्य चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचन्द जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, गोगुन्दा विधायक प्रतापलाल गमेती, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, सलूम्बर विधायक शान्ता देवी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली के नाम शामिल थे। इसमें से दोनों जिलाध्यक्षों के नाम एनवक्त पर हटा दिए गए। इस बात को लेकर दिनभर भाजपा में चर्चा बनी रही।
ऐसे में एयरपोर्ट पर चित्तौडग़ढ़ सांसद जोशी, शहर विधायक जैन, चित्तौडग़ढ़ विधायक आक्या, वल्लभनगर विधायक डांगी ही मौजूद रहे थे, जबकि ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा बेणेश्वर धाम की सभा में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शहर भाजपा के नेता एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, लेकिन सूची से नाम कटा होने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया।
सभा में भी था देहात जिलाध्यक्ष का नाम
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली का नाम बेणेश्वर धाम पर हुई सभा में मंच पर बैठने वालों में भी था। ऐसे में तेली एयरपोर्ट नहीं पहुंचकर सीधे ही बेणेश्वर धाम पहुंचे थे। उनके नेतृत्व में जिले के 15 पदाधिकारियों को मंच पर बुलाया गया था। सभा के बाद हुई संभाग के जिलाध्यक्षों की बैठक में भी उदयपुर जिले से एक मात्र पुष्कर तेली ही शामिल हुए।