
उदयपुर/ झाड़ोल. तत्कालीन भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी गौरवपथ योजना पर अनदेखी का ग्रहण लगा हुआ है। लोक निर्माण विभाग स्तर पर कार्यादेश के बाद संवेदक ने ग्राम पंचायत लुणावतों का खेड़ा मुख्यालय पर एक किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य तो शुरू हुआ, लेकिन सरकार बदलते ही बजट नहीं मिलने की आंशका पर उसने हाथ खड़े कर दिए। इधर, अधूरा सड़क निर्माण अब ग्रामीणों के लिए नित नई चुनौती दे रहा है। स्थानीय सरपंच और स्थानीय लोगों की ओर से मामले की शिकायत विभागीय ओहदेदारों को भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। गौरतलब है कि विभागीय स्तर पर जारी कार्यादेश के तहत गौरवपथ निर्माण कार्य अगस्त 201 में पूरा होना था। लेकिन, वर्तमान में सड़क के प्रस्तावित हिस्से पर पड़ी हुई गिट्टी और की गई खुदाई परेशानी बन रही है।
नहीं हुआ भुगतान
गौरवपथ निर्माण कार्य संवेदक स्तर पर पूरा किया जाना था। सरकार से समय पर जारी नहीं हुए बजट के अभाव में संवेदक ने कार्य अधूरा ही छोड़ दिया। शर्तों के तहत संवेदक को पाबंद किया जाएगा।
आर.एन. मीणा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी कोटड़ा