4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : भाजपा-कांग्रेस ने बढ़ाई सक्रियता, वोटरों को गिना रहे खूबियां

उदयपुर नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस ने शहर के लिए स्थानीय घोषणा-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रो. पीआर व्यास के नेतृत्व में गठित समिति सड़क, सफाई, पेयजल, सीवरेज, यातायात, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, झील और पर्यावरण संरक्षण सहित प्रमुख मुद्दों को शामिल करेगी। वहीं भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने बैठक कर करीब 200 अधिवक्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संभाग प्रभारी राजेंद्र सिंह राठौड़ ने सरकार के विकास कार्यों और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने अधिवक्ताओं को प्रभावी सेतु बताया।
2 min read
Google source verification
nagar nigam election

demo pic

उदयपुर. नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जहां संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में सक्रिय कर रही है, वहीं कांग्रेस शहर के मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को आधार बनाकर स्थानीय घोषणा-पत्र तैयार करने में जुट गई है। कांग्रेस ने जनता की समस्याओं को घोषणा-पत्र में शामिल करने की तैयारी शुरू की है, जबकि भाजपा ने विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ताओं की बैठक लेकर उन्हें चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कांग्रेस : शहर के दीर्घकालीन विकास का रोडमैप

कांग्रेस ने उदयपुर शहर के लिए स्थानीय घोषणा-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ और उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने प्रोफेसर पीआर व्यास के नेतृत्व में घोषणा-पत्र समिति का गठन किया है। समिति में डॉ. दरियाव सिंह चुंडावत, महेश शर्मा और कांग्रेस विचार विभाग के सदस्य शामिल होंगे। घोषणा-पत्र समिति अगले एक-दो दिनों में उदयपुर शहर के प्रमुख मुद्दों, आमजन की समस्याओं, विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं और भविष्य की जरूरतों को शामिल कर संकल्प-पत्र तैयार करेगी। इसके बाद इसे जनता के सामने जारी किया जाएगा। दोनों जिलाध्यक्षों ने कहा कि घोषणा-पत्र महज चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि उदयपुर की जनता के सपनों और शहर के भविष्य का रोडमैप होगा। इसमें प्रत्येक वार्ड की मूलभूत समस्याओं के साथ शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास की दीर्घकालीन योजना शामिल की जाएगी। घोषणा-पत्र में सड़क, सफाई, पेयजल, सीवरेज, यातायात, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशु, उद्यानों का विकास, झीलों एवं पर्यावरण संरक्षण और बेहतर नगरीय सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। कांग्रेस शहर महामंत्री दिनेश दवे ने कहा कि कांग्रेस ऐसा उदयपुर बनाना चाहती है, जहां विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उसका असर आम नागरिक के जीवन में दिखाई दे।

भाजपा: सरकार के काम जनता तक पहुंचाने का किया आह्वान

भाजपा विधि प्रकोष्ठ की बैठक पटेल सर्कल स्थित भाजपा कार्यालय में हुई। बैठक में करीब 200 अधिवक्ताओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि निकाय चुनाव के उदयपुर संभाग प्रभारी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने अधिवक्ताओं से चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राठौड़ ने उन्होंने पार्टी की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से रखने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में विधि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। अधिवक्ता संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु के रूप में काम कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक महेंद्र नागदा, देहात जिला संयोजक गोपाल पालीवाल और जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने राजेंद्र सिंह राठौड़ का स्वागत किया। इस अवस पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता खूबी लाल सिंघवी, निकाय चुनाव की उदयपुर संयोजक रजनी डांगी और नगर निगम विधि प्रकोष्ठ संयोजक विजय ओस्तवाल के अलावा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, राकेश मोगरा, भरत जोशी, चंद्रभान सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश गुप्ता, नरपत सिंह चुंडावत, घनश्याम सिंह चौहान, प्रेम सिंह पवार, लोकेश गुर्जर, कांता नागदा, पुष्कर लोहार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।