
प्रोडक्शन वारंट में गिरफ्तार आरोपी।
\उदयपुर. अंबामाता थाना पुलिस ने चार दिन में थार चोरी की दूसरी वारदात का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की थार बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से उदयपुर जिले में वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
परिवादी कुलदीप राठौड़ ने रिपोर्ट दी कि वह कार रेंटल का काम करता है। 15 अगस्त 2026 को करण सिंह, करणवीर और हरप्रीत सिंह उसके कार्यालय आए और स्कॉर्पियो क्लासिक किराये पर लेकर गए। बाद में करण सिंह ने स्कॉर्पियो खराब होने की बात कहकर कर्मचारी लोकेन्द्र सिंह को रानी रोड बुलाया। कर्मचारी थार लेकर वहां पहुंचा। तीनों आरोपियों ने स्कॉर्पियो वापस कर दी और थार को ट्रायल के बहाने लेकर फरार हो गए। टीम में थानाधिकारी हुकम सिंह, एएसआई योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजपाल, कांस्टेबल सुमेर बिश्नोई, राजकमल, लालचंद तथा साइबर सेल के लोकेश रायकवाल शामिल रहे।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने उदयपुर से नूह-मेवात (हरियाणा) होते हुए पंजाब तक विभिन्न मार्गों, टोल नाकों और प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जीपीएस तोड़ा, टोल नाका भी तोड़ा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार रेंटल कार्यालय में फर्जी दस्तावेज देकर थार ट्रायल के बहाने ली थी और फरार हो गए। रास्ते में थार का जीपीएस तोड़कर फेंक दिया। इसके बाद नेगडिया टोल नाके को तोड़कर बिना टोल दिए फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से चोरी की थार बरामद की गई।
ये आरोपी गिरफ्तार
दौलतपुरा नॉर्थ वेस्ट दिल्ली निवासी करण सिंह राजपूत, बलौंगी मोहाली पंजाब निवासी हरप्रीत सिंह और प्रतापपुर जालंधर-पंजाब निवासी करणवीर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उदयपुर जिले में अन्य चोरी के वाहनों की बरामदगी और वाहन चोरी की कई वारदातों के खुलासे की संभावना है। आरोपियों से गहन पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पांच साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
इधर, धानमंडी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में पांच साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने धोखाधड़ी के मामले में पांच साल से फरार चल रहे भीम, राजसमंद निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
Updated on:
04 Sept 2026 06:38 pm
Published on:
04 Sept 2026 06:38 pm
