
उदयपुर . भारतीय निर्वाचन आयोग की टीम गुरुवार को उदयपुर पहुंची। यहां फरास खाने (वेयर हाउस) का निरीक्षण करने के दौरान टीम के सदस्यों यह काफी छोटा लगा। एेसे में सदस्यों ने नए वेयर हाउस की आवश्यकता महसूस की।
टीम के दो सदस्य अभिषेक मोहन और अभिषेक सिंह दोपहर करीब तीन बजे उदयपुर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात के बाद वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम प्रशासन चांदमल वर्मा और समन्वय अधिकारी गितेशश्री मालवीय उनके साथ थे। निरीक्षण में टीम को वेयर हाउस काफी पुराना और छोटा लगा। एेसे में उन्होंने नया वेयर हाउस बनाने की आवश्यकता महसूस की। शाम को टीम के सदस्य कलक्टर बिष्णुचरण मल्लिक से मिले। इस दौरान भी वेयर हाउस को लेकर चर्चा हुई। इस पर कलक्टर ने भी नए वेयर हाउस की आवश्यकता पर सहमति प्रदान की।
यह रहेगा कार्यक्रम
टीम के सदस्य शुक्रवार को सिरोही जाएंगे। शनिवार को वहां से राजसमंद पहुंचेंगे। रविवार को पुन: उदयपुर लौटेंगे और विभिन्न मतदान केंद्रों के निरीक्षण और मतदान की तैयारियों संबंधित चर्चा के बाद मंगलवार को दिल्ली प्रस्थान करेंगे।
जिला स्तर पर पोषण मेला 29 को
उदयपुर.राष्ट्रीय पोषण मिशन के प्रचार-प्रसार एवं इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एवं सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में मनाए जाने के क्रम में जिला स्तर पर पोषण मेला29 सितम्बर को राजकीय गुरू गोविन्द सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगा।
महिला एवं बाल विकास उपनिदेशक डाॅ. तरू सुराणा ने बताया कि मेले में पोषण के संबंध में विभागीय गतिविधियों एवं प्रदान की जा रही सेवाओं की स्टाॅल लगाई जायेगी। साथ ही कन्वर्जेंस के तहत विभिन्न विभाग जैसे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास पेयजल आदि के द्वारा भी अपने विभाग की सेवाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। मेले में आमजन, स्कूल एवं काॅलेज की बालिकाएं, जिला स्तरीय एवं विभागीय अधिकारी क्षैत्र में कार्यरत बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनवाडी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी,ए.एन.एम. आदि उपस्थित रहेगें।