
उदयपुर. कांग्रेस की कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के भतीजे ने भाजपा ज्वाइन कर ली है। पूर्व मंत्री के भतीजे ने कहा कि उन्हें मोदी सरकार की नीतियां पसंद हैं। इस कारण वे भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। अहम यह कि भतीजे के भाजपा ज्वाइन करने की जानकारी पूरे परिवार को नहीं थी। शाम को यह मामला खुला तो सभी अचंभित रह गए।
दरअसल, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास की अलग पहचान है। वे उदयपुर से सांसद रह चुकी हैं। साथ ही उनके भाई कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रह चुके हैं। मंगलवार को गिरिजा व्यास के भतीजे डॉ. विवेक शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने नामांकन रैली के दौरान विवेक शर्मा को उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। भाजपा मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि चित्तौडग़ढ़ में सांसद प्रत्याशी सीपी जोशी के नामांकन रैली में बड़ी संख्या में उदयपुर से पदाधिकारी पहुंचे थे। इस दौरान डॉ. विवेक शर्मा को प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में पार्टी का उपरणा ओढ़ाकर सदस्यता दी। इस मौके पर डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से अभिभूत होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विवेक शर्मा पूर्व में यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रह चुके हैं, वहीं इनके पिता गोपाल शर्मा वर्तमान में कांग्रेस प्रदेश सचिव हैं।
उधर, राजस्थान कांग्रेस के सचिव व पूर्व शहर अध्यक्ष गोपालकृष्ण शर्मा ने कहा कि मेरा बेटा विवेक नादान है। मुझे पता नहीं था कि वह यह कदम उठाएगा। इससे पूरा परिवार आहत है। भाजपा जॉइन करने की खबर सुनकर हमारा जवाब देना मुश्किल हो रहा है। हमने उससे पूछा तो वह भी मायूस हो रहा है। पता नहीं उसे कौन साथ लेकर गया। बहन गिरिजा भी दुखी है। हमारे तो खून में ही कांग्रेस है। हम 40 साल से कांग्रेस की सेवा कर रहे है। कांग्रेस हमारी मां है। इसका निर्णय हम परिवार में बैठकर करेंगे।