
प्रमोद सोनी/ उदयपुर . फतहसागर झील की पाल पर जिला प्रशासन के सहयोग से नगर विकास प्रन्यास की ओर से आयोजित फ्लावर शो के प्रति पर्यटकों व शहरवासियों का रुझान दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इन दिनों सर्दी की छुट्टियां होने से शहर में पर्यटक सीजन बूम पर है। एेसे में सुबह से शाम तक पाल पर जाम लग रहा है।
पुष्प प्रदर्शनी देखने आने वाले पर्यटकों एवं शहरवासियों में रंग-बिरंगे फूलों के संग सेल्फी लेने की होड़ सी मची है। विडम्बना यह है कि वे सिर्फ फूलों की खूबसूरती देख सेल्फी ले रहे हैं, उन्हें फूलों के बारे में जानकारी देने वाला कोई नहीं है। इसके विपरीत सभी स्वयंसेवी संस्थाएं व औद्योगिक संस्थाओं ने अपने-अपने विज्ञापन जरूर लगा रखे हैं।
यूआईटी सचिव उज्ज्वल राठौड़ ने बताया कि झील के किनारे फूलों की महक एवं सौंदर्य ने शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को खासा आकर्षित किया है। कैलिफोर्निया, फ्रांस, आस्टेलिया आदि के पर्यटकों सहित देश के कई राज्यों के पर्यटकों ने पुष्प प्रदर्शनी देख कर सराहा। प्रदर्शनी में जगह-जगह सेल्फी प्वांइट पर प्रकृतिप्रेमी दर्शक सेल्फी लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं ।
READ MORE : दो हजार महिलाएं करेंगी एक साथ घूमर
सेल्फी लेने में बड़े भी पीछे नहीं
प्रदर्शनी में नीलकण्ठ फर्टिलिटी एंड वूमन केयर का बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नगर विकास प्रन्यास का तितली (बटरफ्लाई) एवं इन्द्रलोक गार्डन का फूलों से सुसज्जित राष्ट्रीय पक्षी मोर व मारवेल वाटर पार्क की फूलों से सुसज्जित बोट सभी को लुभा रही है। बच्चों के साथ ही बड़े सेल्फी ले रहे हैं।
नि:शुल्क पौध वितरण
प्रदर्शनी में हिन्दुस्तान जिंक ने सीएसआर के तहत चार दिनों में करीब चार हजार पौधे वितरित किए हैं। वहीं वंडर सीमेंट की ओर से प्रतिदिन एक हजार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है।