
फाइल फोटो- पत्रिका
Rajasthan Roadways Jobs: राजस्थान रोडवेज ने उदयपुर जोन के विभिन्न आगारों में एक वर्ष के लिए 155 वाहन चालकों की सेवा अनुबंध के आधार पर लेने के लिए ई-टेंडर जारी किया है। इन चालकों को संभाग के 6 आगार में लगाया जाएगा। इसके लिए सरकार से मान्यता प्राप्त पंजीकृत संस्थाओं एवं पूर्व सैनिकों की सहकारी समितियों से ऑनलाइन बोलियां आमंत्रित की गई हैं।
ई-टेंडर के अनुसार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इच्छुक संस्थाएं रोडवेज, राजस्थान सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल तथा एसपीपीपी पोर्टल के माध्यम से टेंडर से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर सकती हैं। दस्तावेज अपलोड करने और ऑनलाइन बोली पेश करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई दोपहर 1 बजे तय की गई है, जबकि तकनीकी बोलियां उसी दिन शाम 5 बजे खोली जाएंगी। वित्तीय बोलियों की तिथि बाद में ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से घोषित की जाएगी।
निगम ने टेंडर दस्तावेज शुल्क 1000 रुपए (जीएसटी अतिरिक्त), प्रोसेसिंग शुल्क 2000 रुपए तथा 7.70 लाख रुपए की बोली सुरक्षा राशि निर्धारित की है। सभी भुगतान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन एवं डिमांड ड्राफ्ट/बैंक गारंटी के माध्यम से करने होंगे।
टेंडर शर्तों के अनुसार अनुबंध पर लिए जाने वाले चालकों की संख्या में आवश्यकता अनुसार वृद्धि या कमी करने का अधिकार रोडवेज के पास सुरक्षित रहेगा। साथ ही पूरी टेंडर प्रक्रिया ऑनलाइन होगी तथा निर्धारित समय के बाद प्राप्त होने वाली बोलियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। ये टेंडर होने के बाद अनुबंधित चालकों की नियुक्ति उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़ में की जाएगी।
वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर शिविरों में राजस्थान रोडवेज के 25 से 30 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। इनमें से 13-14 चालक भी हैं, जबकि चालकों की कमी बनी हुई है। शिविर में कर्मचारियों की ड्यूटी लगने से प्रतिदिन 10 से 12 शेड्यूल रोज निरस्त हो रहे हैं। इधर ऑफिस कार्य भी प्रभावित हो रहा है एवं शिड्यूल्ड निरस्त होने से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
मध्यप्रदेश में जांच के दौरान उदयपुर डिपो की भोपाल-उदयपुर बस में 11 यात्री बिना टिकट मिलने पर रेड मार्क लगाया गया। जांच में सामने आया कि परिचालक का कार्य कर रहे चालक भगवत सिंह ने यात्रियों से किराया वसूलने के बावजूद उन्हें टिकट जारी नहीं किए। जानकारी के अनुसार उदयपुर आगार के मुख्य प्रबंधक, प्रबंधक यातायात एवं यातायात निरीक्षक ने धाराड़ से रतलाम के बीच बस की जांच की। जांच में 11 यात्री बिना टिकट मिले, इनसे संबंधित करीब 4000 रुपए की राशि का टिकट जारी नहीं किया गया था। इस पर 11 यात्रियों से 5000 रुपए की पेनल्टी वसूल की गई।
Updated on:
06 Jul 2026 01:22 pm
Published on:
06 Jul 2026 01:22 pm
