4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर : पैर कांपते थे, लेकिन नहीं छोड़ा मंच, संघर्ष ने बनाया सोशल मीडिया का ‘वीर’

उदयपुर के कंटेंट क्रिएटर वीर पाहुजा ने वर्षों के संघर्ष, थिएटर और लगातार सीखने की बदौलत सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई। अब वे अपनी ड्रीम वेब सीरीज 'मृत्युंजय' के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नया कदम रखने की तैयारी में हैं।
2 min read
Google source verification
veer pahuja

वीर पाहुजा

उदयपुर. युवा कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वीर पाहुजा आज लाखों लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका है। लेकिन, इस सफलता के पीछे सालों का संघर्ष, पिता के सपने को पूरा करने की जिद, मां का अटूट विश्वास और लगातार सीखने की ललक छिपी है। एवरेज स्टूडेंट से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनने तक का सफर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

युवा कंटेंट क्रिएटर वीर पाहुजा बताता है कि साल 2016 में उसने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म यूट्यूब पर अपलोड की। इसके बाद थिएटर से जुड़ा, जहां अभिनय, संवाद अदायगी और मंच संचालन की बारीकियां सीखीं। आगे बढ़ते हुए उसने फिल्म मेकिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और फिल्म निर्देशन का प्रशिक्षण लिया। कला उसे परिवार की विरासत में मिली थी। मां खुद कलाकार हैं, जबकि पिता का सपना था कि बेटा कला के क्षेत्र में पहचान बनाए। साल 2012 में पिता के निधन के बाद सपना वीर के जीवन का लक्ष्य बन गया।

पिता का सपना साकार करने के लिए वीर मुंबई पहुंचा, जहां अपना म्यूजिक एल्बम लॉन्च किया। इसके बाद उदयपुर के स्थानीय टीवी चैनलों पर गेम शो होस्ट किए। इसी दौरान महसूस हुआ कि लोगों तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाना सबसे बड़ी ताकत है। उसने सामाजिक विषयों पर वीडियो बनाना शुरू किया। सहज, दोस्ताना और भाई जैसा अंदाज लोगों को पसंद आने लगा और धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर अलग पहचान बन गई।

वीर कहता है कि सफलता कभी अकेले नहीं मिलती। इस सफर में मां, पत्नी, थिएटर गुरु लईक हुसैन, टीम के साथी मनीष, मयूर, प्रवीण, अनुप, सुनींदर सहित कई लोगों ने हर कदम पर साथ दिया। परिवार और दोस्तों का विश्वास किसी भी को कठिन दौर से बाहर निकाल सकता है।

एक भाषण से बदली तस्वीर

वीर की जिंदगी का सबसे बड़ामोड़ स्कूल के दिनों में आया। ज्ञान मंदिर स्कूल में 9वीं कक्षा के दौरान भाषण प्रतियोगिता में अचानक मंच पर बुलाए जाने के बाद उसने 'भ्रष्टाचार' विषय पर ऐसा भाषण दिया कि प्रथम स्थान पा लिया। वहीं से स्टेज फियर खत्म हुआ और आत्मविश्वास का जन्म हुआ। बाद में केंद्रीय विद्यालय प्रतापनगर में अभिनय के लिए लगातार अवसर मिले।

अगला कदम वेब 'मृत्युंजय'

उदयपुर के सिल्वर मेडलिस्ट फोटोग्राफर रह चुके वीर ने लेखन, निर्देशन और पॉडकास्टिंग में भी खुद को लगातार निखारा। अब उसका ड्रीम प्रोजेक्ट 'मृत्युंजय' नामक आधुनिक पौराणिक वेब सीरीज है, जिसे वे जल्द अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता, यदि इंसान सीखना और मेहनत करना नहीं छोड़ता।

शहर के युवाओं को क्या कहता है वीर

सपने बड़े देखिए, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत भी कीजिए। असफलता से मत डरिए, क्योंकि वही आपको मजबूत बनाती है। परिवार, गुरु और दोस्तों का सम्मान करें। अगर आपका इरादा मजबूत है, तो पूरी दुनिया नहीं तो कम से कम आपकी मेहनत जरूर साथ देगी।