
उदयपुर.राजसमंद. अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सीआइडी विशेष शाखा जोन उदयपुर और जिला पुलिस ने कार्रवाई की। राजसमंद और सलूंबर जिलों से दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेन किया गया है। सभी को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई एसपी राजसमंद हेमंत कलाल, एसपी सलूंबर बिशनाराम तथा सीआइडी विशेष शाखा जोन उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई।
फर्जी आधार कार्ड पर रहते थे
जिला विशेष शाखा को 13 नवंबर को चारभुजा थाना क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों में लिप्त दो संदिग्ध महिलाओं के पास संदिग्ध दस्तावेज की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त पूछताछ समिति बनाई गई। पूछताछ में इनके बांग्लादेशी नागरिक होने का खुलासा हुआ। उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे और अनैतिक व्यापार में लिप्त थीं। जांच में सामने आया कि पिया खातून उर्फ रानीदास (31), निवासी अरपाडा मिर्जापुर चकोईनरेल सदर, खुलना डिवीजन, ढाका (बांग्लादेश) का पासपोर्ट दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुका था। वह 2 नवंबर 2026 को असम के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। इसी प्रकार शीला खान (23), पिता शाहजुल खान, निवासी जेसोर (बांग्लादेश), 2021 में भारत आई थी और वर्तमान में कानपुर (गिर्वा, उदयपुर) में रह रही थी। भारत में रहते हुए उसने वर्ष 2021 और 2023 में दो शादियां भी कीं। सुरक्षा एजेंसियां अब इन महिलाओं से जुड़े अनैतिक व्यापार और दलालों के नेटवर्क की जांच कर रही हैं। दोनों महिलाओं को पहले नारी निकेतन उदयपुर भेजा गया था, लेकिन वर्तमान में उन्हें राजसमंद के अस्थायी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
इधर, सलूंबर की सोम नदी में मछली पकड़ते मिले दो बांग्लादेशी युवक
दूसरी कार्रवाई 17 नवंबर को हुई। पुलिस को सूचना मिली कि दुदर क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति कुछ दिनों से रह रहे हैं। वे सोम नदी में मछली पकड़ते हैं। सूचना के आधार पर सीआइडी जोन यूनिट और जिला पुलिस की टीम ने दोनों को हिरासत में लिया। दोनों ने बांग्लादेशी नागरिक होना स्वीकार किया। इनकी पहचान नृपेन बैद्य (40), पिता निराद बैद्य, निवासी ललुआ, जिला गोपालगंज, ढाका (बांग्लादेश) तथा अपुबिसवास (21), पिता दीपक बिसवास, निवासी डोमराशूर, जिला गोपालगंज, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में हुई है। पता चला कि दोनों ने अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश किया। दोनों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
यह रहे शामिल
अभियान में राजसमंद डी.एस.बी. टीम की कल्पना सिंह, थानाधिकारी चारभुजा लक्ष्मण सिंह, यमनेश कुमार, भंवर सिंह, शक्ति सिंह तथा सलूंबर टीम के थानाधिकारी मुकेश नागदा, डी.एस.बी. प्रभारी उम्मेदीलाल और सी.आई.डी. यूनिट के पंकज पाटीदार की अहम भूमिका रही।