उदयपुर

कोरियन स्टाइल से वेलवेट और लेयरिंग तक विंटर वॉर्डरोब में शामिल

उदयपुर. सर्दी की दस्तक के साथ ही शहर में फैशन का अंदाज भी बदलने लगा है। अब गर्म कपड़े केवल ठंड से बचाव का जरिया नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और स्टाइल को निखारने का माध्यम बन रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:04 PM IST
कोरियन स्टाइल से वेलवेट और लेयरिंग तक विंटर वॉर्डरोब में शामिल

बाजारों में युवाओं के विंटर वॉर्डरोब में इस बार ओवरसाइज जैकेट, लॉन्ग कोट, कोरियन स्टाइल के कपड़े और वेलवेट की खास जगह बन रही है। युवा ऐसे परिधानों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें आराम के साथ आकर्षक लुक भी मिले। कॉलेज जाने वाले युवाओं से लेकर कामकाजी लोगों तक में नए फैशन ट्रेंड को लेकर उत्साह नजर आने लगा है।

इस सीजन में ओवरसाइज जैकेट युवाओं की पहली पसंद बन रही हैं। ढीली फिटिंग, बड़े कॉलर, चौड़ी बाजू और अलग-अलग रंगों में उपलब्ध ये जैकेट कैजुअल लुक के लिए पसंद की जा रही हैं। वहीं लॉन्ग कोट का चलन भी तेजी से बढ़ा है। खासकर लड़कियां जींस, ट्राउजर और बूट्स के साथ लॉन्ग कोट पहनना पसंद कर रही हैं। काले, भूरे, क्रीम और बेज रंग के कोट अधिक आकर्षित कर रहे हैं। लड़कों में भी हुडी और जैकेट के साथ लेयरिंग का चलन बढ़ा है।

सोशल मीडिया और कोरियन फिल्मों का असर अब शहर के फैशन बाजार में भी दिखाई दे रहा है। कोरियन स्टाइल के स्वेटर, ढीली फिटिंग वाले कार्डिगन, हुडी और सॉफ्ट कलर के विंटर कपड़े युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। पेस्टल शेड्स, क्रीम, पिंक, ग्रे और लाइट ब्राउन रंगों की मांग भी बढ़ रही है। युवा अपने रोजमर्रा के पहनावे में कोरियन स्टाइल को शामिल कर रहे हैं।

वेलवेट और स्टोल से बढ़ रहा ग्लैमर

सर्दियों में वेलवेट फैब्रिक भी फैशन का अहम हिस्सा बन रहा है। वेलवेट के कुर्ते, जैकेट और पार्टी वियर परिधानों को खास पसंद किया जा रहा है। वहीं स्टाइलिश स्टॉल्स, स्कार्फ और मफलर पहनावे को नया लुक दे रहे हैं। लड़कियां अलग-अलग रंगों और डिजाइन के स्टॉल्स को कोट और स्वेटर के साथ मैच कर रही हैं। इसके अलावा ऊनी कैप, दस्ताने और बूट्स भी विंटर फैशन का हिस्सा बन रहे हैं।

लेयरिंग से तैयार हो रहा नया लुक

इस बार सर्दियों में लेयरिंग का चलन भी खास है। टी-शर्ट के ऊपर शर्ट, उसके ऊपर स्वेटर या जैकेट पहनकर युवा अलग-अलग लुक तैयार कर रहे हैं। वहीं लड़कियां टर्टल नेक टॉप के साथ लॉन्ग कोट और स्टॉल्स का संयोजन पसंद कर रही हैं। फैशन के जानकारों के अनुसार, इस सीजन में कपड़ों की फिटिंग और रंगों का तालमेल विशेष महत्व रखता है।

एक्सपर्ट कमेंट

इस बार सर्दी में युवाओं के बीच कपड़ों के रंगों और डिजाइन को लेकर भी नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं। खासकर ब्राउन, बरगंडी और ऑलिव ग्रीन जैसे रंग पसंद किए जा रहे हैं। दिन के समय हल्के कपड़े और शाम के लिए मोटे फैब्रिक वाले परिधान पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में अब ऐसे कपड़ों की मांग है, जिन्हें अलग-अलग परिधानों के साथ मिलाकर कई तरह से पहना जा सके।

दिव्या शर्मा, फैशन डिज़ाइनर

Updated on:
28 Nov 2026, 2:04 PM IST
Published on: