उदयपुर. भारतीय प्रबंध संस्थान (आइआइएम) उदयपुर ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 'एमबीए इन इन्वेस्टमेंट एंड वेल्थ मैनेजमेंट' प्रोग्राम शुरू किया है। यह किसी आइआइएम की ओर से इन्वेस्टमेंट और वेल्थ मैनेजमेंट में शुरू किया गया पहला एक साल का एमबीए प्रोग्राम है। इसे अनुभवी पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है, ताकि उन्हें निवेश विशेषज्ञता, वेल्थ स्ट्रक्चरिंग, क्लाइंट एडवाइजरी और फिड्यूशियरी समझ के साथ तैयार किया जा सके। इसे वेल्थ और इन्वेस्टमेंट सेक्टर की 10 प्रमुख कंपनियों के साथ मिलकर बनाया गया है। इनमें 360 वन, एएसके प्राइवेट वेल्थ, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, निपॉन इंडिया और नुवामा जैसी संस्थाएं शामिल हैं, जो पाठ्यक्रम को आकार देने, प्रैक्टिशनर सत्रों, कार्यशालाओं और छह सप्ताह की इंटर्नशिप में सहयोग करेंगी। यह कोर्स 7 अप्रेल 2027 से शुरू होगा।