उदयपुर

300 से अधिक स्थानों पर सजेगी होलिका, सुभाष चौराहे पर 52 फीट ऊंची होली

सुभाष चौराहे पर 27वां आयोजन, जगदीश चौक में विदेशी पर्यटक देंगे लोकनृत्य प्रस्तुति उदयपुर. रंगों के महापर्व होली को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। सोमवार को शहर में धूमधाम से होलिका दहन होगा। नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष 300 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां अंतिम चरण में है। शहर के […]

2 min read
Mar 01, 2026
source patrika photo

सुभाष चौराहे पर 27वां आयोजन, जगदीश चौक में विदेशी पर्यटक देंगे लोकनृत्य प्रस्तुति

उदयपुर. रंगों के महापर्व होली को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। सोमवार को शहर में धूमधाम से होलिका दहन होगा। नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष 300 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां अंतिम चरण में है। शहर के विभिन्न स्थानों पर होली विक्रेताओं और क्रेताओं के बीच मोलभाव होने लगा है।शहर के कुछ मंदिरों और पैलेस में एक माह पूर्व माघ पूर्णिमा पर होलिका रोपण कर दिया गया था। वहीं अधिकतर स्थानों पर होली के दिन सोमवार को ही विधि-विधान के साथ होली रोपण किया जाएगा। इधर होली का पर्व नजदीक आने के साथ ही शहर के मल्लातलाई, शिक्षा भवन चौराहा, सूरजपोल, फतहपुरा, रेती स्टैंड सहित उपनगरीय क्षेत्रों में कई प्रमुख स्थानों पर होली विक्रेता बड़ी संख्या में होली बेचने के लिए पहुंच गए हैं। ये विक्रेता होली, चारा, वडुलियों की माला, गेर खेलने की लकडि़यां आदि की बिक्री भी कर रहे हैं। इन स्थानों पर होली का मोल भाव भी हो रहा है।

सुभाष चौराहे पर सबसे ऊंची होली

शहर के प्रमुख आयोजन के रूप में सुभाष नवयुवक मंडल की ओर से सुभाष चौराहे पर 27वां होलिका दहन समारोह होगा। मंडल संयोजक कमलेश जावरिया ने बताया कि इस बार 52 फीट ऊंची विशेष होली तैयार की गई है, जो शहर में आकर्षण का केंद्र रहेगी। सोमवार सुबह 10.15 बजे क्रेन की सहायता से होलिका का रोपण किया जाएगा। रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं।

जगदीश चौक में सांस्कृतिक रंग

शहर के ऐतिहासिक जगदीश चौक में भी होली पर्व को लेकर विशेष आयोजन होगा। यहां जगदीश चौक ऑटो स्टैंड एसोसिएशन की ओर से होलिका दहन किया जाएगा। इससे पूर्व पर्यटकों और शहरवासियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि तीन विदेशी पर्यटक राजस्थानी वेशभूषा में स्थानीय लोकनृत्यों की प्रस्तुति देंगे, जो पर्यटन नगरी की सांस्कृतिक छटा को और निखारेगा।

मंदिरों और मोहल्लों में पारंपरिक पूजा

शहर के प्रमुख मंदिरों सहित विभिन्न गली-मोहल्लों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन किया जाएगा। परिवारजन शाम को शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर परिक्रमा करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। अग्निशमन दल भी सतर्क रहेगा।

Published on:
01 Mar 2026 05:37 pm
Also Read
View All

अगली खबर