
मुकेश हिंगड / उदयपुर. गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने नए भर्ती हुए सफाईकर्मियों को खरा-खरा कहते हुए बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने रविवार को उदयपुर में कहा कि पूरी ईमानदारी से ड्रेस कोड व गले में कार्ड डालकर अपने काम में जुट जाना। कटारिया ने कहा कि ये भर्ती फिर हाईकोर्ट में नहीं अटक जाए इसलिए हमने रविवार को अवकाश व बारिश होने के बाद भी नियुक्तियां दे दी है। कटारिया रविवार को उदयपुर के टाउनहॉल स्थित सुखाडिय़ा रंगमंच पर नगर निगम नव चयनित हुए सफाई कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटने के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कि कई बाधाएं इस भर्ती में आई लेकिन सरकार ने आखिर भर्ती कर बेरोजगारों को नौकरी दे दी, कटारिया ने कहा कि सोमवार को हाईकोर्ट खुलेगा और कोई तुम्हारा भाई वहां जाएगा इससे पहले हमने हाईकोर्ट के आदेश के तहत ही आज रविवार को ही नियुक्तियां दे दी है। कटारिया ने करीब 19 जनों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। बाद में शेष रहे करीब करीब 1155 जनों को नियुक्तियां पत्र नगर निगम की टीम ने अलग-अलग काउंटर पर बांटना शुरू हुआ, जिसकी नियुक्ति हुई वह परिवार के साथ खुशी-खुशी नगर निगम पहुंचे। समारोह में महापौर चन्द्रसिंह कोठारी, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग, उप महापौर लोकेश द्विवेदी, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ओम चित्तौड़ा, भाजपा नेता प्रमोद सामर, प्रेमसिंह शक्तावत, किरण जैन, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मुरली बंधु, पार्षद रमेश चंदेल, स्वास्थ्य अधिकारी नरेन्द्र श्रीमाली, दीपक बोल्या, अतुल चंडालिया, आशा बोर्दिया, प्रवीण मारवाड़ी आदि उपस्थित थे।
सूचियां देखने के लिए देर रात अभ्यर्थी उमड़े
उदयपुर . सफाई कर्मचारी भर्ती के परिणाम की घोषणा एवं सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया पर उच्च न्यायालय का स्थगनादेश हटाने के बाद नगर निगम ने शुक्रवार रात करीब दस बजे कलक्ट्रेट एवं निगम परिसर में सफल अभ्यर्थियों की सूचियां चस्पा की। सूचना पर सूचियां देखने के लिए देर रात अभ्यर्थी उमड़े। जिनका नाम सूची में आ गया, उन्होंने खुशी मनाई। स्थगनादेश हटाने के बाद स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक पवन अरोड़ा ने जिला कलक्टर व नगर निगम को शुक्रवार को परिणाम घोषणा, सूचियां चस्पा करने एवं नियुक्ति पत्र देने के निर्देश दिए। इसपर शाम को नगर निगम ने काम शुरू कर दिया