उदयपुर

सेवा संकल्प समारोह में अग्निवीर व शहीद की वीरांगना का सम्मान

Jul 24, 2026
Rajasthan

- रक्तदान, पौधारोपण और शिक्षा सेवा का संकल्प, 101 यूनिट रक्तदान
चारभुजा. भानु प्रताप सिंह मित्र मंडल भीलवाड़ा के तत्वावधान में बुधवार को चारभुजा धार्मिक स्थल के बस स्टैंड स्थित पार्किंग स्थल पर सेवा संकल्प समारोह आयोजित किया गया। मित्र मंडल ने जन्मदिवस को रक्तदान, पौधारोपण और सेवा कार्यों के साथ मनाया।
उदयपुर खेल मैदान और अजमेर से युवा टीम वाहन रैली के माध्यम से चारभुजा पहुंची। युवाओं ने चारभुजा जी के दर्शन किए और दिनभर के भोग का मनोरथ करवाया। इसके बाद समारोह के तहत पौधारोपण, रक्तदान, अंत्योदय सेवा और शिक्षा सेवा के कार्य किए गए। शिक्षा सेवा के तहत विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। स्वच्छता अभियान के तहत मित्र मंडल ने चारभुजा जी मंदिर से बस स्टैंड तक सफाई की।
मधुकर रक्तपेढ़ी के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। शिविर में 101 यूनिट रक्तदान होने के बाद रक्तदान से वंचित रहे लोगों को अगले शिविर में आमंत्रित किया गया। समारोह में साधु-संतों की गरिमामय उपस्थिति में वणोल के अमर शहीद नारायणलाल गुर्जर की वीरांगना पत्नी, अग्निवीर महिपाल सिंह सोलंकी, उमेश गुर्जर तथा गुरुड कमांडो से सेवानिवृत्त सुधीर कुमार और उदय सिंह का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। मंडल की ओर से अब तक 30 रक्तदान शिविर आयोजित करवाए जा चुके हैं। भविष्य में राष्ट्र निर्माण, शिक्षा सेवा, सामाजिक समरसता, स्वच्छता और पर्यावरण अभियान के साथ सेवा व संस्कार शिविरों के माध्यम से शिक्षा से वंचित बालकों को जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
संतों के सान्निध्य में लोक मंगल स्वयंसेवी संस्था का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में उदयपुर, भींडर, अजमेर, लाडपुरा राजसमंद, झीलवाड़ा सहित दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य प्रभारी दिग्विजय सिंह और नरेंद्र सिंह रहे। आभार भेरू सिंह सोलंकी झीलवाड़ा ने व्यक्त किया।

Updated on:
24 Jul 2026 06:02 am
Published on:
24 Jul 2026 06:02 am