
Udaipur Crime : मृतक उदयलाल। फोटो पत्रिका
Udaipur Crime : उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसने भी यह हादसा सुना उफ्फ करके रह गया। उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोराणा के हरनिया खेड़ा गांव में देर रात पति-पत्नी का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने पति के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी महिला भेरकीबाई को झाड़ोल थाना पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, उदयलाल (65 वर्ष) पुत्र सवा कटेरिया का पत्नी भेरकी से किसी बात पर विवाद हो गया। गुस्से में भेरकी ने न आव देख न ताव ईंट उठाकर पति उदयलाल के सिर पर मार दिया। गंभीर चोट लगने से उदयलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी के रोने की आवाज सुनकर पुत्र मगनलाल और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्राम पंचायत गोराणा के प्रशासक कन्हैयालाल ने झाड़ोल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झाड़ोल थानाधिकारी करनाराम पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस उपाधीक्षक विवेकसिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
उदयपुर जिले के झाड़ोल थानाधिकारी करनाराम ने बताया हरनिया खेड़ा गोराना निवासी उदयलाल कटेरिया ने अपनी पत्नी भेरकीबाई कटेरिया के साथ देर रात शराब पी। शराब पीने के दौरान उदयलाल बहक गए और गाली-गलौच करने लगे। इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इससे आवेश में आई भेरकीबाई ने कमरे में रखी ईंट उठाकर उदयलाल के सिर पर मार दी। एक नहीं कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उदयलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने पत्नी भेरकी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोपी महिला भेरकीबाई ने प्राथमिक पूछताछ में हमले के चलते हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। पुलिस मामले की जांच अन्य पहलुओं से भी कर रही है।
Updated on:
23 Jul 2026 10:42 pm
Published on:
23 Jul 2026 10:13 pm
