उदयपुर

उदयपुर : देश में पहली बारः आइआइएम उदयपुर में इन्वेस्टमेंट एंड वेल्थ मैनेजमेंट में एक साल का एमबीए

आइआइएम उदयपुर ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 से इन्वेस्टमेंट एंड वेल्थ मैनेजमेंट में एक वर्षीय एमबीए प्रोग्राम शुरू किया है। देश में किसी आइआइएम का यह पहला ऐसा पाठ्यक्रम है। पांच टर्म और 100 क्रेडिट वाले इस प्रोग्राम में निवेश विश्लेषण, पोर्टफोलियो निर्माण, टैक्स प्लानिंग और एआइ आधारित वेल्थ मैनेजमेंट की पढ़ाई होगी। इसमें छह सप्ताह की इंटर्नशिप भी शामिल है। आवेदन के दूसरे चरण की शुरुआत 24 नवंबर से हुई है। कोर्स 7 अप्रैल 2027 से शुरू होगा।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:03 PM IST
iim udaipur
demo pic

उदयपुर. भारतीय प्रबंध संस्थान (आइआइएम) उदयपुर ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 'एमबीए इन इन्वेस्टमेंट एंड वेल्थ मैनेजमेंट' प्रोग्राम शुरू किया है। यह किसी आइआइएम की ओर से इन्वेस्टमेंट और वेल्थ मैनेजमेंट में शुरू किया गया पहला एक साल का एमबीए प्रोग्राम है। इसे अनुभवी पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है, ताकि उन्हें निवेश विशेषज्ञता, वेल्थ स्ट्रक्चरिंग, क्लाइंट एडवाइजरी और फिड्यूशियरी समझ के साथ तैयार किया जा सके। इसे वेल्थ और इन्वेस्टमेंट सेक्टर की 10 प्रमुख कंपनियों के साथ मिलकर बनाया गया है। इनमें 360 वन, एएसके प्राइवेट वेल्थ, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, निपॉन इंडिया और नुवामा जैसी संस्थाएं शामिल हैं, जो पाठ्यक्रम को आकार देने, प्रैक्टिशनर सत्रों, कार्यशालाओं और छह सप्ताह की इंटर्नशिप में सहयोग करेंगी। यह कोर्स 7 अप्रेल 2027 से शुरू होगा।

100 क्रेडिट का प्रोग्राम, छह सप्ताह की इंटर्नशिप

यह प्रोग्राम कुल पांच टर्म और 100 क्रेडिट का होगा। इसमें निवेश विश्लेषण, पोर्टफोलियो निर्माण, टैक्स और एस्टेट प्लानिंग, क्लाइंट एडवाइजरी, एथिक्स-फाइनेंस और वेल्थ मैनेजमेंट में एआइ व मशीन लर्निंग जैसे विषय शामिल हैं। प्रतिभागियों को पार्टनर फर्म में छह सप्ताह की इंटर्नशिप के साथ लाइव पोर्टफोलियो और एडवाइजरी सिमुलेशन का अनुभव भी मिलेगा। कोर्स पूरा करने के बाद वेल्थ एडवाइजर, प्राइवेट बैंकर, पोर्टफोलियो मैनेजर और फैमिली ऑफिस मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में कॅरियर के अवसर उपलब्ध होंगे।

दूसरे चरण के आवेदन 24 नवंबर से

आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास किसी भी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और 28 फरवरी तक कम से कम 36 महीने का पूर्णकालिक कार्य अनुभव होना जरूरी है। साथ ही मान्य जीमैट, कैट और जीआरई स्कोर भी आवश्यक है। आवेदन तीन चरणों में होंगे। दूसरे चरण के आवेदन 24 नवंबर से शुरू होकर 11 जनवरी 2027 तक चलेंगे, जबकि तीसरे चरण के आवेदन 12 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक भरे जा सकेंगे।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:03 PM IST
Published on: