
उदयपुर. गरीबी में जूझ रही किडनी रोगी की जिंदगी को बचाने का कारवां लक्ष्य के करीब है। खुले दिल से सहायता राशि देने वाले शहरवासियों के सहयोग से किडनी रोगी के ट्रांसप्लांट की उम्मीदें बढ़ गई हैं। फिलहाल कैलाश ढोली (23) को अहमदाबाद के चिकित्सालय में भर्ती कर लिया गया है। आगामी 17 जुलाई को उसके किडनी ट्रांसप्लांट की उम्मीदें बन रही हैं। सहयोग की इस कड़ी में नारायण सेवा संस्थान ने दरियादिली दिखाते हुए उसके उपचार के लिए 3 लाख 50 हजार की आर्थिक मदद की है। इसी तरह अरुण सोनी ने मंगलवार को एक लाख रुपए का सहयोग दिया गया। इस तरह उपचार के लिए जुटाई गई सहायता राशि का आंकड़ा 7 लाख 301 रुपए पर पहुंच चुका है। हमारे हिसाब से सहायता राशि के लिए 7 लाख रुपए की आवश्यकता थी। उम्मीद है दुआओं का असर होगा और कैलाश को नई जिन्दगी मिलेगी ।
इनके सहयोग से मिला मदद विराम
मंगलवार को दान की कड़ी में सेक्टर 4 निवासी रोजी सक्सेना ने 11 हजार (चेक), गुप्तदान के तौर पर 10 हजार (नकद), सुंदरवास निवासी सुशीला देवी ने 2 हजार (चेक), जीबीएच इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के गौरव जैन ने 11 हजार (चेक), गुप्तदान से 41 सौ (नकद), गुप्तदान से 1001 रुपए (नकद), श्याम वाटिका, दक्षिणी सुंदरवास निवासी भैरूलाल सालवी ने 11 सौ (नकद), अशोकनगर निवासी दिनेश कुमार अग्रवाल ने 21 सौ, भुवाणा निवासी शिवराज सिंह राठौड़ ने 21 सौ (नकद), गोकुल विलेज, तितरड़ी निवासी लोकेश बडग़ुर्जर ने 5 हजार (नकद), एमबी हॉस्पिटल के सामने स्थित एपेक्स सर्जिमेट कंपनी के अतुल नाग 5 हजार रुपए (नकद) की सहायता दी। गौरतबल है कि 23 वर्षीय किडनी रोगी कैलाश की दोनों किडनी खराब हो चुकी है। उसकी मां के सहयोग से उसे किडनी तो मिल गई थी, लेकिन प्रत्यारोपण के लिए आर्थिक स्थिति सही नहीं थी। मजदूर माता-पिता को उनके इस लाड़ले से जीवन में बड़ी उम्मीदें हैं।