
मुकेश हिंगड़/उदयपुर . मेवाड़ में चुनावी माहौल (lok sabha election 2019) के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra modi) और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (rahul gandhi rally) की सभाओं का शोर सुनाई देने लगा है। दोनों ही दलों में अगले सप्ताह मेवाड़-वागड़ में उनके दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है। ऊपर से लेकर नीचे तक के कार्यकर्ताओं को सभा में भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया जा रहा है। मोदी और राहुल का विधानसभा चुनाव में भी इस क्षेत्र में आना हुआ है। हालांकि मोदी करीब दो वर्ष बाद उदयपुर आ रहे हैं। उदयपुर व बांसवाड़ा आरक्षित संसदीय क्षेत्र हैं। आदिवासी बहुल इन सीटों में मतदाताओं को साधने के लिए दोनों पार्टियों ने शीर्ष नेताओं का कार्यक्रम बनाया है।
उदयपुर में शाह ने संभाला था मोर्चा
विधानसभा चुनाव में उदयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह (Amit shah) ने मोर्चा संभाला था। शाह ने यहां जनजाति सम्मेलन, शक्ति केन्द्र प्रभारियों की बैठक व आईटी सम्मेलन से लेकर अन्य कार्यक्रमों में शिरकत की थी तो उदयपुर में रोड शो भी किया था।
मेवाड़-वागड़ यात्राओं का ब्योरा
मोदी की यात्राएं
अक्टूबर 2013 में विधानसभा चुनाव से पूर्व मोदी ने गांधी ग्राउण्ड में सभा को संबोधित किया। नवंबर 2013 में बांसवाड़ा के कुशलबाग में नरेन्द्र मोदी की सभा, तब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। अप्रेल 2014 में बेणेश्वर के पास मोदी की सभा। अगस्त 2017 उदयपुर के खेल गांव में सभा। नवंबर 2018 में विधानसभा चुनाव से पूर्व बेणेश्वर में मोदी की सभा। मोदी 21 अप्रेल को चित्तौडगढ़़ व 22 अप्रेल 2019 को उदयपुर में सभाएं संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी की यात्राएं
नवंबर 2013 में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए राहुल की बांसवाड़ा कॉलेज मैदान में सभा । सितंबर 2018 सागवाड़ा कॉलेज मैदान में विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल की सभा । विधानसभा चुनाव से पूर्व सलूम्बर में सभा एवं आरसीए में जन संवाद।जुलाई 2017 में बांसवाड़ा के कुशलबाग में गांधी ने किसान रैली को संबोधित किया। राहुल गांधी फिर 23 अप्रेल 2019 को बेणेश्वर में सभा संबोधित करेंगे। उदयपुर में प्रियंका गांधी की सभा के प्रयास, लेकिन अभी कार्यक्रम बना नहीं है।