उदयपुर

एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक पद को लेकर खींचतान, अधीक्षक डॉ जोशी का स्टे खारिज

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
Nov 01, 2018
mb hospital
एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक पद को लेकर खींचतान

भुवनेश पंड्या/ उदयपुर . महाराणा भूपाल चिकित्सालय में अधीक्षक पद पर फिर खींचतान शुरू हो गई है। उम्र 62 वर्ष होने के बावजूद पद पर जमे डॉ. विनय जोशी का स्थगन जोधपुर कोर्ट ने खारिज कर दिया है। ऐसे में अब किसी भी समय उनकी इस पद से विदाई हो सकती है, लेकिन अभी तक आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने यह निर्णय नहीं किया है कि अगला अधीक्षक कौन होगा? इस संबंध में प्राचार्य डॉ. डीपी सिंह का कहना है कि उनके पास अब तक कोर्ट का कोई आदेश नहीं पहुंचा।

अधीक्षक डॉ विनय जोशी की उम्र 62 वर्ष होने पर प्राचार्य सिंह ने 14 अगस्त 18 को डॉ लाखन पोसवाल को अधीक्षक पद सौंपा था, लेकिन जोशी उच्च न्यायालय जोधपुर से इस आदेश पर स्थगन ले आए थे, जिससे वह पद पर फिर से काबिज हो गए। पूर्व में जयपुर में भी इसी तरह अधीक्षक 62 वर्ष की उम्र होने के बावजूद स्टे लाकर पद पर बने हुए थे। जयपुर बैंच में कुछ दिन पहले इस मामले में निर्णय हुआ कि जिसके 62 वर्ष पूरे हो चुके हैं, अब वे प्रशासनिक पद पर कार्य नहीं कर सकेंगे। ऐसे में सरकार ने इस आदेश की प्रति जोधपुर कोर्ट को भेजी, इसलिए कोर्ट ने मंगलवार को डॉ जोशी का स्टे खारिज कर दिया गया है। जोशी से बातचीत करने के लिए कई बार प्रयास किया गया है, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

स्टे खारिज हो गया है, लेकिन अब किसे अधीक्षक का कार्यभार सौंपा जाएगा, यह तय प्राचार्य करेंगे।

डॉ लाखन पोसवाल

मुझे इस स्टे के आदेश की जानकारी नहीं है। मेरे पास अभी तक कोई स्टे ऑर्डर नहीं आया है।

डॉ डीपी सिंह, प्राचार्य आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर

Published on:
01 Nov 2018 03:34 pm