उदयपुर

Udaipur: करोड़ों का टर्नओवर, सालों से ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करने वाले बिजनेसमैन लेंगे दीक्षा, 4 साल पहले पत्नी बनी थी साध्वी

मुंबई में इलेक्ट्रिकल और हार्डवेयर का कारोबार है। वहीं फरीदाबाद के आदर्श कुमार जैन बिजनेसमैन हैं। वे स्पेयर पार्ट्स बनाने के व्यवसाय में थे। उनका सालाना टर्नओवर करोड़ों रुपए का था।
2 min read
Oct 04, 2025
Feature image
फोटो: पत्रिका

श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर-4 में चातुर्मासरत आचार्य पुण्यसागर महाराज के ससंघ सान्निध्य में 5 अक्टूबर रविवार को दोपहर 1 बजे ऐतिहासिक जैनेश्वरी दीक्षा समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर देश के 3 जैन श्रावक करोड़ों का व्यवसाय, परिवार, वैभव और सांसारिक जीवन त्यागकर संयम का मार्ग अपनाने जा रहे हैं। इनमें एक दीक्षार्थी ऐसे भी हैं जिनकी पत्नी 4 साल पहले ही दीक्षा ले चुकी हैं अब पति भी उसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

हल्दी-मेहंदी की रस्म से शुरू हुई दीक्षा यात्रा

शुक्रवार को दीक्षार्थियों की हल्दी और मेहंदी की रस्म धूमधाम से मनाई गई। शनिवार को सुबह जम्बूद्वीप विधान और आहार ग्रहण के बाद शाम 6 बजे दीक्षार्थियों की शोभायात्रा एवं गोदभराई का आयोजन होगा।

कमेटी के संयोजक निर्मल मालवी ने बताया कि दीक्षा लेने वाले तीनों जैन श्रावक हैं —

  1. आदर्श कुमार जैन (फरीदाबाद, हरियाणा)
  2. अरविंदभाई कोटड़िया (मुंबई)
  3. देवीलाल चंपालाल भोरावत (उदयपुर मूल, मुंबई निवासी)

दीक्षा कार्यक्रम प्रतिष्ठाचार्य पंडित हंसमुख जैन (नंदनवन, धरियावद) और ब्रह्मचारिणी वीणा बिगुल के निर्देशन में होगा। आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज सेक्टर-3, 4, 5 व उदयपुर द्वारा किया जा रहा है।

पत्नी बनी थीं साध्वी

तीनों दीक्षार्थियों की जीवन यात्रा प्रेरणास्पद है। इनमें सबसे भावुक कहानी है देवीलाल भोरावत की जिनकी पत्नी ने 2021 में दीक्षा लेकर साध्वी बन गई थी। वे खुद भी कई सालों से ब्रह्मचर्य व्रत का पालन कर रहे थे और अब व्यापार अपने बेटों को सौंपकर वे स्वयं भी संयम के मार्ग पर चल पड़ने को तैयार हैं। उनका मुंबई में इलेक्ट्रिकल और हार्डवेयर का कारोबार है। वहीं फरीदाबाद के आदर्श कुमार जैन बिजनेसमैन हैं। वे स्पेयर पार्ट्स बनाने के व्यवसाय में थे। उनका सालाना टर्नओवर करोड़ों रुपए का था।

12 अक्टूबर को महापारणा

वर्षायोग कमेटी के संरक्षक शांतिलाल जैन वेलावत ने बताया कि 12 अक्टूबर को मुनि महोत्सव सागर, मुनि उदित सागर और आर्यिका हर्षितमति की महातपस्या का महापारणा महोत्सव विद्या निकेतन स्कूल परिसर में प्रात: 9 बजे से शुरू होगा।

इससे पहले 5 अक्टूबर को दीक्षा समारोह, 6.30 बजे पाद प्रक्षालन, 8 बजे अवतरण क्रिया, 9.30 बजे आहार क्रिया, और 11 बजे शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम संपन्न होंगे।

Updated on:
04 Oct 2025 12:40 pm
Published on:
04 Oct 2025 12:40 pm