आयुक्त ने किया कई क्षेत्रों का निरीक्षण-नाला निर्माण के लिए विभागों से होगी चर्चा उदयपुर. उदयपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम सख्त हो चुकी है। इसको लेकर नगर निगम आयुक्त ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता सर्वोच्च […]
आयुक्त ने किया कई क्षेत्रों का निरीक्षण-नाला निर्माण के लिए विभागों से होगी चर्चा
उदयपुर. उदयपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम सख्त हो चुकी है। इसको लेकर नगर निगम आयुक्त ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आयुक्त ने उदयपुर नगर निगम टीम के साथ ठोकर चौराहा, प्रतापनगर, विद्यापीठ मार्ग से देबारी, पुराना आरटीओ मार्ग, ढिकली, बेडवास, गोवर्धन विलास सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जहां नियमित सफाई नहीं मिल रही, वहां अतिरिक्त संसाधन लगाने और सफाई कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कचरा पॉइंट की दैनिक फोटो रिपोर्ट भी निगम कार्यालय भेजने को कहा गया।
नाला निर्माण के लिए विभागों से समन्वय
निरीक्षण के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के आगे पेसिफिक कॉलेज रोड पर नालों के अभाव में सड़क पर गंदा पानी बहता मिला। जानकारी में आया कि अनुमति नहीं मिलने से काम लंबित है। इस पर आयुक्त ने उदयपुर विकास प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से समन्वय कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए।
कचरा जलाया तो खैर नहीं
पुराना आरटीओ रोड क्षेत्र में कचरा जलाने की घटना पर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तक की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक व अन्य कचरा जलाना पर्यावरण व स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है, इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रुंडेड़ा तालाब क्षेत्र में विशेष सफाई अभियाननिरीक्षण के दौरान रुंडेड़ा तालाब के आसपास कचरा मिलने पर संबंधित ठेकेदार को अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जलाशय और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।
सड़क पर कचरा डालते ट्रैक्टर जब्त किए
आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने 200 फीट बाइपास सड़क पर कचरा खाली कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर कचरा डालने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।