
कृष्णा तंवर/उदयपुर. नवरात्र बुधवार से शुरू होने जा रहे हैं और इसके शुरू होते ही गरबा व डांडिया का खुमार सिर चढ़ कर बोलेगा। गरबा व डांडिया अब गुजरात से निकलकर पूरे देश में बस गया है। हर राज्य में डांडिया की खनक सुनाई देती है। एक ओर जहां शहरवासी डांडिया और गरबा सीखने में जुटे हैं तो दूसरी ओर मार्केट में इसकी तैयारियां चरम पर हैं। गरबा के लिए डिजाइनर लहंगे, ज्वैलरी व अन्य एक्सेसरीज अभी से मार्केट में छाई हुई हैं। युवा इन दिनों गरबा-डांडिया के लिए पूरे जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं।
इन गानों पर कर जमकर कर रहे प्रेक्टिस
शहर के युवा बॉलीवुड सॉन्ग्स पर जमकर थिरक रहे हैं। इन दिनों कमरिया...थारी कमरिया.., चोगाड़ा...सनन सनन..जाए रे जिया गरबे की रात में...आदि गरबा सॉन्ग्स ट्रेंड कर रहे हैं। इन गानों के साथ युवा पारंपरिक गीतों पर भी प्रेक्टिस करने में लगे हैं। कई लोग बकायदा गरबा-डांडिया क्लासेस में सीखने जा रहे हैं तो कई अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेक्टिस करने में लगे हैं। अंजलि व भूपेन भावसार ने बताया कि वे इस बार पूरी तैयारी के साथ गरबा-डांडिया नाइट्स की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए जहां उन्होंने ड्र्रेस खरीदी है तो वहीं, बॉलीवुड गानों पर खूब प्रेक्टिस कर रहे हैं। इसी तरह पुनीत व शीतल दया ने बताया कि वे इस बार बेस्ट कपल का प्राइज जीतना चाहते हैं। ऐसे में इसके लिए पूरी तैयारी में हैं। खूब प्रेक्टिस कर रहे हैं तो वहीं, ड्रेसअप-मेकअप व हेयर स्टाइल भी तय कर लिया है ताकि वे सबसे अलग लग सकें।
लड़कियों की पसंद लहंगा, लडक़ों की अंगरखा
डांडिया और गरबे के उत्सव को ध्यान में रखकर इन दिनों मार्केट में गुजराती लहंगा और पुरुषों के लिए घेरदार अंगरखा, पायजामा व धोती की जबर्दस्त डिमांड है। दूसरी ओर फैशन डिजाइनर्स भी इस खास मौके के लिए तरह-तरह के लहंगे डिजाइन कर रहे हैं। मिरर वर्क, थ्रेड एंब्रॉयडरी, कौडिय़ों, गोटा-पत्ती आदि कई तरह के वर्क से सजे लहंगों की कीमत पांच सौ से पांच हजार रुपए है। डिजाइनर्स के अनुसार, स्कूल, कॉलेज, क्लब आदि कई जगहों पर इन दिनों नवरात्र के दौरान डांडिया महोत्सव मनाया जाने लगा है। इसके लिए लोग उसके अनुसार ड्रेस भी खरीदते हैं। अब तो कई आयोजनों में बेस्ट डांस के साथ ही बेस्ट ड्रेस्ड मेल और फीमेल का भी खिताब दिया जाने लगा है। ऐसे में लोगों की कोशिश रहती है कि उनकी ड्रेस आयोजन के अनुसार और सबसे खूबसूरत हो। बजट के अनुसार लोग ड्रेसेज पर खर्च करते हैं।
इन पर हो रहा है खर्च
लहंगा
अंगरखा और धोती
ज्वैलरी
एसेसरीज