उदयपुर

“सर्फ टू स्नो“ अभियान पर निकले नौसेना के अधिकारियों का दल पहुंचा उदयपुर, युवाओं को क‍िया प्रेर‍ित

अधिकारियों के दल ने किया युवाओं से संवाद
2 min read
• •
Updated: 5 May 2018, 8:58 PM IST
navy officers in udaipur

उदयपुर . युवाओं को भारतीय नौसेना की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने और उन्हें नौसेना की सेवा के प्रति आकर्षित करने हेतु विशेष अभियान “सर्फ टू स्नो“ पर निकले भारतीय नौसेना के अधिकारियों का दल शनिवार को उदयपुर पहुंचा। दल ने कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर बिष्णुचरण मल्लिक से भेंट की। मल्लिक ने उन्हें जिले की भौगोलिक, सांख्यिकीय और आर्थिक स्थिति के बारे में अवगत कराया। जिले के प्रशासनिक ढांचे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। 26 सदस्यीय दल के लीडर कमोडोर भूपेश तातेड़ ने दल के उद्देश्यों के बारे में जिला कलक्टर को अवगत कराया और कहा कि मुंबई से निकला यह दल बड़ौदा, उदयपुर, जयपुर , दिल्ली होते हुए लेह-लद्दाख पहुंचेगा। 30 दिन की यात्रा में जगह-जगह पर युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें भारतीय नौसेना के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी और नौसेना की सेवा के प्रति युवाओं में आकर्षण पैदा करने का कार्य किया जाएगा। यह यात्रा देश के करीब 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए पुणे मुंबई पर समाप्त होगी। कलेक्ट्रेट में हुई इस बहस के दौरान अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक शहर हर्ष रतनू भी उपस्थित रहे।

युवाओं से किया संवाद

जिला कलक्टर के साथ यह दल गीतांजलि इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीस पहुंचा और वहां युवाओं से संवाद किया। कमोडोर तातेड़ ने युवाओं को नौसेना की कार्यप्रणाली पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म दिखाई। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नौसेना की सेवा एक कैरियर नहीं बल्कि एक जीवन है । इसमें युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के अवसर हैं और युवाओं को चाहिए कि वे नौसेना में अपना भविष्य तलाशें। देश की सेवा के साथ ही एक श्रेष्ठ जीवन जीने का अवसर प्राप्त करें लड़कियों के लिए भी नौसेना में पर्याप्त अवसर हैं और वे इन अवसरों का लाभ उठाएं। इस अवसर पर तातेड़ के साथ आए अधिकारियों ने नौसेना की भर्ती प्रक्रिया एवं उसके विभिन्न विभागों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला कलक्टर ने भी युवाओं को उनके बेहतर भविष्य शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।

Published on: