
उदयपुर.गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो दिन पहले की हत्या महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या व उसके पुत्र-पुत्री को घायल करने के मामले का पुलिस ने राजफाश किया। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। हत्या के बाद भीड़ की ओर से पकड़े गए आरोपी बारां निवासी पिंकेश मेहता से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो इसका खुलासा हुआ। आरोपी का साथी बारां निवासी उमेश उर्फ राजू अभी फरार है, जिसकी तलाश में टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इसलिए रची लूट की साजिश
थानाधिकारी भवानीसिंह ने बताया कि पिंकेश और उमेश के पास मौज- शौक के पैसे नहीं थी। तंगहाली के चलते इन्होंने लूट योजना बनाई। अपने शहर में वारदात करने पर पकड़े जाने के डर से ये अपने घर से ट्रेन से उदयपुर पहुंचे। पिंकेश ने उमेश को बताया कि उदयपुर में वह जहां पहले किराए रहता था, वहां महिला दिन में अकेली रहती है। बच्चे स्कूल चले जाते हंै और पति कभी कभार ही आता है। ऐसे में आसानी से वारदात की जा सकती है। वारदात के समय यह दोनों सीधे हरजीत चंगलानी के घर पहुंचे तो पता चला कि बच्चे घर पर ही है। ऐसे में आरोपी दो दिन के लिए कमरा किराए देने की बात कहकर मौका ढूंढने में लगे। हरजीत के इनकार करने पर ये एक बार नीचे उतरे फिर किचन का फर्नीचर दिखाने की बात कहते हुए ऊपर चले गए और हरजीत का मुंह भींचते हुए चाकू दिखाकर जेवर मांगे, लेकिन हरजीत चिल्ला उठी, जिससे घबराकर चाकुओं से वार करने शुरू कर दिए। बचाव करने आए बच्चों को भी घायल कर भागे लेकिन पिंकेश को लोगों ने पकड़ लिया।
चाकू -ग्लब्ज कोटा से साथ लाए....
आरोपी पिंकेश अटरू में द्वितीय वर्ष की प्राइवेट परीक्षा दे रहा है, जो पहले नेटवर्किंग कंपनी में काम करते हुए ही हरजी के मकान में किराए रहा था। इसने साथ में उमेश के साथ लूट के इरादे से कोटा से दो चाकू और मेडिकल शॉप से ग्लब्ज खरीदकर बैग में रखे प ट्रेन से उदयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां दोनों ने शराब पी और फिर ऑटो से हरजीत के घर से कुछ दूर उतरे और सीधे वहां पहुंचकर वारदात को अंजाम दे दिया।
एक बार हिम्मत नहीं हुई फिर आए ऊपर...
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी, हरजीत से बात करते हुए ऊपर आ गए थे। यहां बैग से वे चाकू नहीं निकाल पाए, इस कारण नीचे उतर गए। फिर हिम्मत करके ऊपर आए और लूट की कोशिश की। महिला के चिल्लाने से दोनों घबरा गए और हरजीत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।