
घटनास्थल का फोटो: पत्रिका
Udaipur Suicide Case: उदयपुर में आत्महत्या से जुड़े 2 मामले सामने आए हैं। भींडर में 12वीं कक्षा की छात्रा ने सुसाइड नोट लिखकर 4 मंजिला निर्माणाधीन इमारत से कूदकर जान दे दी। वहीं दूसरे मामले में स्वरूपसागर झील में एक महिला ने आत्महत्या की कोशिश की लेकिन लोगों ने बचा लिया।
उदयपुर के भींडर के नगर की सुख विहार कॉलोनी स्थित सुखसागर कॉम्प्लेक्स की चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत से कूदकर 12वीं कक्षा ने छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन पुलिस को छात्रा के बैग के पास एक भावुक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने माता-पिता को निर्दोष बताते हुए आई लव यू पापा-मम्मी लिखा था ।
मिली जानकारी के अनुसार छात्रा दोपहर करीब 2:00 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी से सीधे घर जाने के बजाय सुख विहार कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स पहुंची। वहां काम कर रहे मजदूरों को उसने अपनी बॉल (गेंद) छत पर गिर जाने की बात कही और बहाने से चार मंजिला इमारत की छत पर चली गई। उसने डायरी पेन निकाल कर कुछ लिखा और कुछ ही देर बाद उसने छत से छलांग लगा दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही भींडर थाना अधिकारी मुकेश चंद्र खटीक मय जाप्ता तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल भींडर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा का सुसाइड नोट बरामद कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उदयपुर के स्वरूपसागर झील में एक महिला ने कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। महिला का बेटा और बहू दोनों ही चिकित्सक हैं। घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई।
जानकारी के मुताबिक स्वरूपसागर के पास स्थित पार्क में लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इस दौरान मूलत: चूरू हाल स्वरूपसागर क्षेत्र निवासी विमला नामक महिला झील में कूद गई। उसे छलांग लगाते देखकर लोग अचरज में पड़ गए। बिना वक्त गंवाए दो युवकों ने झील में छलांग लगाई और महिला को बाहर निकाल लिया। इस दौरान झील की सफाई कर रहे श्रमिकों ने भी मदद की।
आसपास ही मौजूद कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कांस्टेबल भी मौके पर पहुंच गई। हैडकांस्टेबल भंवर कुंवर और कांस्टेबल सुनीता ने महिला को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर बेटा और बहू भी अस्पताल पहुंचे। बताया कि मां कुछ समय से अस्वस्थ हैं। सोमवार सुबह वह उस समय घर से निकल गईं थी जब बाकी लोग सो रहे थे।
Updated on:
22 Jul 2026 09:49 am
Published on:
22 Jul 2026 09:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
