21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

उदयपुर : रायता गांवः सैलानियों की नई सैरगाह…दिखेंगे एनिकट-पिकनिक पॉइंट, सिटी व्यू

उदयपुर के रायता गांव को 1.10 करोड़ रुपए की लागत से एनिकट, पिकनिक पॉइंट, सिटी व्यू और अन्य सुविधाओं के साथ एक नए ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
2 min read
Google source verification
raita hills

उदयपुर के समीप ​िस्थत रायता की पहाडि़या

उदयपुर. शहर के समीप अपनी प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक नजारों के लिए प्रसिद्ध 'रायता गांव' को अब एक प्रमुख ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां एनिकट से लेकर पिकनिक-सेल्फी पॉइंट, सिटी व्यू और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्राम पंचायत कालीवास के रायता गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के लिए करीब 1.10 करोड़ रुपए के विकास कार्य होंगे। योजना पूरी होने के बाद रायता स्थानीय लोगों के साथ उदयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए भी शहर से दूर प्रकृति के बीच समय बिताने का स्थान बनेगा।

यह कार्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, पंचायत समिति मद, जिला परिषद मद, स्वच्छ भारत मिशन और ग्राम पंचायत मद से होंगे।

पानी, पहाड़ी और खुला प्राकृतिक वातावरण

रायता में 40 लाख की लागत से एनिकट का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही 10 लाख की लागत से पिकनिक पॉइंट विकसित किया जाएगा। यहां चबूतरा, रेलिंग और अन्य सुविधाएं भी होंगी। एनिकट बनने के बाद जल संरक्षण के साथ आसपास का प्राकृतिक क्षेत्र भी विकसित होगा। पानी, पहाड़ी और खुला प्राकृतिक वातावरण इस स्थान को नए पिकनिक स्पॉट के रूप में पहचान देंगे।

शहर का विहंगम दृश्य होगा बड़ा आकर्षण

रायता की सबसे बड़ी पर्यटन संभावना यहां से दिखाई देने वाला उदयपुर शहर का विहंगम दृश्य है। इसी को पर्यटन से जोड़ते हुए उदयपुर सिटी व्यू क्षेत्र में 10 लाख की लागत से साइडवॉल और चबूतरा बनाया जाएगा। इसके अलावा 20 लाख की लागत से चबूतरा और सेल्फी पॉइंट अलग से विकसित होगा। यहां आने वाले लोग प्राकृतिक वातावरण के बीच उदयपुर शहर का नजारा देख सकेंगे और फोटो खींच सकेंगे। सिटी व्यू पॉइंट के विकसित होने के बाद रायता को सोशल मीडिया और स्थानीय पर्यटन के लिहाज से भी नई पहचान मिलेगी।

प्रवेश द्वार से मिलेगी नई पहचान

रायता गांव में 10 लाख रुपए की लागत से आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यह प्रवेश द्वार गांव की पहचान के साथ यहां विकसित होने वाले नए पर्यटन क्षेत्र का स्वागत द्वार भी होगा। महिला सामुदायिक शौचालय के लिए 10 लाख रुपए और पुरुष सामुदायिक शौचालय के लिए 5 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। ग्राम पंचायत मद से भी 5 लाख के कार्य प्रस्तावित हैं। स्वच्छता सुविधाओं पर 20 लाख रुपए खर्च होंगे।

रायता हिल: प्रकृति और सुकून का अनोखा संगम

उदयपुर की रायता हिल शहर के आसपास स्थित एक खूबसूरत और शांत पहाड़ी क्षेत्र के रूप में जानी जाती है। यह स्थान अपने प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और सुकून भरे वातावरण के लिए खास पहचान रखता है। मानसून के दौरान यहां की वादियां हरी चादर ओढ़ लेती हैं, जिससे इसका नज़ारा और भी मनमोहक हो जाता है। स्थानीय लोग और पर्यटक यहां ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और प्रकृति के बीच समय बिताने के लिए पहुंचते हैं। पहाड़ी की ऊंचाई से आसपास के क्षेत्र का शानदार दृश्य दिखाई देता है, जो खासतौर पर सूर्यास्त के समय बेहद आकर्षक लगता है। हालांकि यहां बुनियादी सुविधाएं सीमित हैं, फिर भी एडवेंचर और शांति पसंद करने वालों के लिए यह एक आदर्श स्थान है। रायता हिल उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो शहर की भीड़भाड़ से दूर सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं।