उदयपुर

यहां के 134 आंगनबाड़ियों में नहीं है बिजली, पीने का पानी भी लाते हैं दूर से, पढ़े यह खास खबर

पंचायत समिति क्षेत्र में विद्युत सुविधा से वंचित 134 आंगनबाड़ी केंद्रों में इन दिनों मासूम बच्चों को रखना भारी पड़ रहा है। ऐसे में केंद्रों पर पंजीकृत 3871 बालक व 3840 बालिकाओं को समस्या के चलते परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
2 min read
May 04, 2019
Feature image

134 आंगनबाड़ी में बिजली नहीं
पंचायत समिति फलासिया का सच

फलासिया. पंचायत समिति क्षेत्र में विद्युत सुविधा से वंचित 134 आंगनबाड़ी केंद्रों में इन दिनों मासूम बच्चों को रखना भारी पड़ रहा है। ऐसे में केंद्रों पर पंजीकृत 3871 बालक व 3840 बालिकाओं को समस्या के चलते परेशानी से जूझना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रदेश की सरकार समस्या को लेकर उदासीनता बरत रही है। स्थिति यहीं तक खराब नहीं है। हकीकत में यहां आने वाले बच्चों के लिए पीने का पानी भी दूरदराज के क्षेत्रों से लाना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाके में नौनिहालों को आंगनबाड़ी तक लाने में सक्रिय सहायिका व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी बच्चों को होने वाली समस्याओं को लेकर चिंतित हैं। उनकी ओर से समस्या को लेकर प्रशासनिक अमले को कई बार सूचित भी किया जा चुका है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

नामांकन की स्थिति
कुल 134 आंगनबाड़ी में 21 मिनी आंगनबाड़ी शामिल हैं। पंजीयन पर गौर करें तो 6 माह से 1 वर्ष तक के 640 बालक 578 बालिकाएं, 1-2 वर्ष तक 1001 व 931, 2-3 वर्ष तक 819 व 856, 3 से 6 वर्ष तक में 1411 बालक व 1475 बालिकाएं पंजीकृत हैं। पंजीयन की वाहवाही लूटने वाले विभाग की स्थिति यह है कि कार्यकर्ता व सहायिका को यहां बच्चे रोकना चुनौती भरा महसूस हो रहा है।


आंगनबाड़ी बने नंदघर
खाटीकमदी, बिजली, लिलड़ी, देवड़ावास, शिशवी, जेतावाड़ा आंगनबाड़ी को हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से सेवा मंदिर ने नन्दघर बनाए हैं। केंद्रों में बाउण्ड्री वाल, शौचालय निर्माण, रसोई घर, पानी के लिए बोरिग, बच्चों के मनोरंजन के लिए टीवी, खिलौने प्राथमिक शिक्षा से जुड़ी शिक्षण सामग्री मौजूद हैं, लेकिन यहां भी बिजली कनेक्शन के अभाव में सुविधाएं कारगर नहीं हुई। सोलर ऊर्जा संयत्र लगवाने का प्रावधान रखा गया है, लेकिन उस पर अब तक अमल नहीं हो सका है।

जल्द होगी विद्युत आपूर्ति
हिन्दूस्तान जिंक के सहयोग से फलासिया की 6 आंगनबाड़ी को खुशी परियोजना के माध्यम से नन्दघर बनाया है। जल्द ही सोलर ऊर्जा से इन जगहों पर विद्युत आपूर्ति शुरू की जाएगी। वर्षा श्रीमाली, समन्वयक, खुशी परियोजना (सेवा मंदिर, झाड़ोल)

नहीं भेजे प्रस्ताव
मेरे पास इस क्षेत्र के सीडीपीओ का अतिरिक्त चार्ज है। मेरी जानकारी में विभाग स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली सुविधा को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं भेजे गए हैं।
पन्नालाल मेघवाल, सीडीपीओ, झाड़ोल

Updated on:
04 May 2019 02:02 pm
Published on:
04 May 2019 02:02 pm