उदयपुर

PATRIKA IMPACT: सुधरेगा आदिवासियों का हरिद्वार,पंचायतीराज विभाग ने दी हैंडपम्प व सीसी रोड की स्वीकृति

झाड़ोल/फलासिया. पंचायतीराज विभाग ने पेयजल के लिए हैण्डपम्प व सीसी रोड निर्माण की भी स्वीकृृति जारी कर दी है।
2 min read
• •
Apr 19, 2018
PATRIKA IMPACT: tribals haridwar in falasiya, udaipur

झाड़ोल/फलासिया. उपेक्षा का शिकार भाडेर क्षेत्र के प्रमुख शिवालय व आदिवासियों के हरिद्वार के रूप में विख्यात रामकुण्डा महादेव के हालात जल्द सुधरने वाले हैं। राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। जिस पर लोक निर्माण विभाग ने 81 लाख की लागत से बनने वाली सवा आठ किलोमीटर सडक़ निर्माण के दो टेण्डर जारी किए है। वहीं पंचायतीराज विभाग ने पेयजल के लिए हैण्डपम्प व सीसी रोड निर्माण की भी स्वीकृृति जारी कर दी है।

इधर, जनजाति आयोग की ओर से मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण व सीसी रोड निर्माण करवाए जाने की अनुशंषा जनजाति मंत्री को भेज दी गई है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका ने गत 29 मार्च के अंक में ‘अनदेखी का शिकार, आदिवासियोंं का हरिद्वार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर झाड़ोल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत भाडेर क्षेत्र के प्राचीन शिवालय रामकुण्डा महादेव के बदतर हालातों को आमजन के सामने लाया गया था।

पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद जनजाति आयोग की ओर से प्रसंज्ञान लेते हुए इस मामले में जनजाति आयोग अध्यक्ष प्रकृति खराड़ी ने मंदिर में भक्तों के ठहरने के लिए धर्मशाला निर्माण करवाने व मंदिर से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण करवाने की अनुशंषा करते हुए जनजाति मंत्री को पत्र भेज दिया था। आयोग अध्यक्ष के निजी सचिव गितेश मालवीय ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य का बजट जारी करवाकर संबंधित विभाग से टेण्डर जारी करवा दिए जाएंगे।

इधर, दो वर्ष से क्षतिग्रस्त ओगणा से रामकुण्डा सडक़ के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा भी दो पेकेज में निविदाएं आमंत्रित कर दी गई है। सहायक अभियंता यूनुस पीरजादा ने बताया कि दो टुकड़ों में निकाले गए टेण्डर के अनुसार ओगणा से दाड़मिया तक 5.45 किलोमीटर सडक़ के लिए 52.25 लाख व ओगणा से रामकुण्डा 2.8 किलोमीटर की सडक़ निर्माण के लिए 28.50 लाख मंजूर किए। वहीं कुल 8.2 किलोमीटर सडक़ निर्माण के लिए 81 लाख के टेण्डर आमंत्रित कर दिए गए है।

जल्द ही निविदाएं खोलने के बाद कार्यादेश जारी कर बरसात से पूर्व निर्माण कार्य करवाए जाने का प्रयास करेंगे। इनके अलावा पंचायतीराज विभाग के विकास अधिकारी रमेश मीणा ने बताया कि रामकुण्डा महादेव मंदिर में पेयजल सुविधा के लिए एक हैण्डपम्प सहित सीसी रोड निर्माण की भी स्वीकृति विभाग द्वारा जारी कर दी गई है।

भक्तों ने की पुरजोर मांग
भाजपा ओगणा मंडल अध्यक्ष भैरूसिंह झाला, महामंत्री गणपतसिंह व मदन शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश जैन, युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय जैन, किसान मोर्चा अध्यक्ष केसरसिंह, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मांगीलाल लोहार, महिला मोर्चा अध्यक्ष कृष्णादेवी सहित अन्य पदाधिकारियों ने तीनों विभागों को ज्ञापन सांैप कर समस्या समाधान की मांग की थी।

दूसरी ओर मंदिर से जुड़े भक्तों पूर्व जिला परिषद सदस्य भूरीलाल लोहार, पूर्व उपसरपंच छगनलाल, अर्जुनलाल मादावत, कन्हैयालाल पालीवाल, फतहलाल बाफना, नंदलाल पूर्बिया, प्रभुसिंह, पुजारी बंशीलाल आदि ने मांग की थी।

Published on:
19 Apr 2018 04:12 pm