उदयपुर

PATRIKA STING: बाल विवाह रोकने के लिए बने नियमों की उड़ रही धज्जियां, पैसे के आगे सबके मुंह बंद

उदयपुर. न तो निमंत्रण पत्र पर जन्मतिथि छप रही है और ना ही पंडित, हलवाई और फोटोग्राफर को इसकी फिक्र है।
2 min read
• •
Apr 17, 2018
PATRIKA STING: stop child marriage

उदयपुर . दाम गिनाओ, कानून की धज्जियां उड़ाओ....। बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन नियम-कायदे तो जारी कर रहा है, लेकिन पालना नहीं हो रही है। न तो निमंत्रण पत्र पर जन्मतिथि छप रही है और ना ही पंडित, हलवाई और फोटोग्राफर को इसकी फिक्र है। उनके लिए तो बस...पैसा बोलता है...बच्ची नाबालिग है तो भी कोई बात नहीं। राजस्थान पत्रिका टीम ने प्रशासनों के दावों की हकीकत जानने के लिए स्टिंग किया तो कड़वी सच्चाई सामने आई। नियमों की पालना कहीं नहीं मिली।

प्रशासन के निर्देश यूं हैं

हलवाई, टेंट व्यवसायी, बैंड-बाजे वाले, ट्रांसपोर्टर, निमंत्रण पत्र छापने वाले आदि से बाल विवाह में सहयोग न करने का आश्वासन लिया जाएगा।
ग्राम व तहसील स्तरीय समितियां गठित होगी, जो क्षेत्र में निगरानी रखेगी।
सतर्कता दल में उपखंड अधिकारी के साथ संबंधित पुलिस वृत्ताधिकारी व महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी शामिल होंगे।
निमंत्रण पत्रों पर छापनी होगी वर-वधू की आयु। इसके लिए सभी प्रेस संचालकों को पाबंद किया है। अवहेलना आईपीसी की धारा 188 के तहत दंडनीय अपराध होगी।

अजी, मुझे क्या पड़ी है, क्यूं लिखूंगा जन्मतिथि
नगर निगम परिसर के समीप एक कार्ड मुद्रक एवं प्रकाशक ने नाबालिग लडक़ी का जिक्र होने के बाद भी कार्ड छापने पर सहमति जताई। वह रुपए लेकर 18 अप्रेल की शादी के कार्ड छापने पर सहमत था। उसने कहा कि बोलोगे तो लडक़ी की जन्मतिथि लिख देंगे। नहीं बोलोगे तो नहीं लिखेंगे। यह तो कार्ड बनवाने वाले को सोचना है। प्रकाशक ने स्वीकार किया कि पुलिस स्तर पर पूछताछ की जाती है, लेकिन आप अपनी देखो। हम तो निपट लेंगे।

कोई दिक्कत होती है क्या... : घंटाघर स्थित एक प्रतिष्ठान के हलवाई को जब पत्रिका टीम ने बताया कि विवाह करने वाली लडक़ी नाबालिग है तो उसने बिना देर लगाए पूछा कि इससे क्या फर्क पड़ता है। वह पूछने लगा कि इससे कोई दिक्कत होती है क्या... हलवाई ने पहले तो आखातीज पर व्यस्त होने की बात कही। बाद में आखातीज के नाम पर उसने मेहनताना भी ज्यादा मांगा।


कह देंगे बुलाया था : बापू बाजार स्थित फोटो शॉप के मालिक ने भी नाबालिग की शादी का सुनकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उसने स्पष्ट किया कि कोई पुलिस कार्रवाई होती है तो लडक़ी के परिजन जवाब देंगे। वह तो कह देगा कि उसे तो शादी के लिए बुलाया गया था। शादी किसकी कर रहे हैं। वह कितने साल की है। ये पूछना हमारा काम थोड़े ही है।

Published on:
17 Apr 2018 11:53 am