
मुकेश हिंगड/उदयपुर. उदयपुर शहर से गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया व राजसमंद से उच्च शिक्षामंत्री किरण माहेश्वरी ही चुनाव लड़ेंगे। रविवार देर रात जारी हुई सूची में उदयपुर व राजसमंद की दस विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। उदयपुर जिले में मावली में वर्तमान विधायक दलीचंद डांगी व खेरवाड़ा में विधायक नानालाल अहारी का पत्ता काटा गया है जबकि उदयपुर ग्रामीण व अन्य सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को मौका दिया गया है। मावली सीट पर अप्रत्याशित तौर पर धर्मनारायण जोशी के नाम पर मुहर लगाई गई। उदयपुर के वल्लभनगर व राजसमंद की नाथद्वारा सीट पर कोई निर्णय नहीं किया गया है, दोनों ही हॉट सीटें है। भाजपा ने रविवार रात 11 बजे 131 जनों की सूची जारी कर दी है इसमें उदयपुर जिले की आठ में से सात सीटों और राजसमंद की चार में से तीन सीटों पर नामों पर मुहर लगा दी है।
-----
खेरवाड़ा में अहारी की जगह शंकरलाल
खेरवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा ने इस बार वर्तमान विधायक नानालाल अहारी का टिकट काटकर शंकरलाल खराड़ी के रूप में नए चेहरे को उतारा है। खराड़ी को टिकट मिलते ही खेरवाड़ा में राजनीति गरमा गई वहां अहारी के समर्थकों ने अंदर ही अंदर विरोध जता दिया है वहीं नए चेहरे के समर्थकों ने पार्टी का आभार जताया।
मावली में गरमाई राजनीति
भाजपा ने इस बार मावली सीट से धर्मनारायण जोशी को पूर्व में हार के बावजूद उन पर एक बार फिर से विश्वास जताते हुए टिकट दिया। जोशी के नाम के घोषणा होते ही मावली में उनके समर्थकों ने खुशी जताई वहीं मावली में दावेदारी करने वाले नेताओं की लम्बी फेहरिस्त ने अंदर ही अंदर गुस्सा निकाला है, पिछले दिनों मावली से दावेदारी करने वालों ने यह भी तय किया था कि उनके अलावा किसी को टिकट दिया गया तो वह उनको स्वीकार नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार वैसे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व ओम माथुर विरोध करने वालों को संभालने के लिए भी तैयारी कर चुके है। मावली से पूर्व विधानसभाध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, वर्तमान विधायक दलीचंद डांगी, कुलदीप सिंह चुंडावत सहित बड़े पदाधिकारी दावेदारी कर रहे थे।
--
फूलसिंह पर यहां भी दिखाई मेहरबानी
उदयपुर ग्रामीण सीट पर गुलाबचंद कटारिया के चहेते फूलसिंह मीणा को पुन: टिकट मिला है। विधायक बनने के बाद फूलङ्क्षसह मीणा को मुख्यमंत्री राजे, गृहमंत्री कटारिया सहित कई मंत्री मेहरबानी दिखाते दिखाते रहे और यहां पर भी उनकी मेहरबानी रही। बताया जा रहा है मीणा को कटारिया ने व्यवहार व काम के साथ ही टिकट दिलाया है। यहां से चुन्नीलाल गरासिया, वंदना मीणा व हरीश मीणा की दावदेारी थी। बताते है कि फूलसिंह का नाम कटाने के लिए रविवार को भी दिल्ली में दबाव बनाया गया लेकिन कटारिया की मजबूत पैरवी से उनका नाम पास हो गया।
उदयपुर में कटारिया-गिरिजा व दलपत
उदयपुर में कटारिया के नाम पर मुहर लगने के साथ ही भाजपा में उत्साह है। कटारिया जहां विकास के नाम पर चुना लड़ेंगे वहीं उन्होंने संगठन को पहले ही पूरी तरह से तैयार कर दिया है। अब वे सीधे आकर नामांकन भरते ही चुनाव मैदान में उतर जाएंगे। वैसे कटारिया के लिए इस बार मुसीबतें ज्यादा है लेकिन कटारिया और भाजपाई मानते है कि वे मुकाबले के लिए तैयार है। कटारिया के सामने कांग्रेस पूर्व मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे है। कटारिया के सामने बड़ी मुसीबत अपनों की है, कटारिया से नाराज भाजपा नेताओं की ओर से बनाया गए भैरोसिंह शेखावत मंच और रणधीर सिंह भींडर की जनता सेना भी मैदान में उतर गई है, सेना ने भाजपा नेता दलपत सुराणा को प्रत्याशी बनाया है।
उदयपुर में पांच रिपीट
उदयपुर शहर : गुलाबचंद कटारिया
उदयपुर ग्रामीण : फूलसिंह मीणा
मावली : धर्मनारायण जोशी
सलूंबर : अमृतलाल मीणा
वल्लभनगर : अभी जारी नहीं
झाड़ोल : बाबूलाल खराड़ी (पूर्व में हारे)
गोगुंदा : प्रतापलाल गमेती
खेरवाड़ा : शंकरलाल खराड़ी
---
राजसमंद में तीनों ही रिपीट
राजसमंद : किरण माहेश्वरी
कुंभलगढ़ : सुरेन्द्र सिंह राठौड़
भीम : हरिसिंह रावत
नाथद्वारा : अभी जारी नहीं
---