उदयपुर

VIDEO : ‘लुगाइयां रो दर्द नी जाणे, पाणी री परेशानी, बाहर निकलनो मुश्किल’,

http://www.patrika.com/rajasthan-news
3 min read
• •
Updated: 11 Nov 2018, 1:33 PM IST
Feature image

मधुलिका सिंह/उदयपुर. पानी की कीमत क्या होती है, हमसे ज्यादा कौन समझेगा। घंटों लग जाते हैं, पानी की इस दौड़भाग में। मावली विधानसभा क्षेत्र के शिवपुरी में हैडपंप पर पानी भरती महिलाओं ने चुनाव पर चर्चा शुरू करते ही यह बात कही। आधी आबादी क्या सोचती है चुनाव को लेकर और क्या हैं उनके मुद्दे। मैं पहुंची उदयपुर के मावली विधानसभा क्षेत्र में। अमरखजी गांव होकर अमरखजी मंदिर पहुंची तो वहां मौजूद शांति, मोहनीदेवी और विमला बोली, क्या बात करें चुनाव की। मेवाड़ी में बोली लुगाइया रो कुण ध्यान राखे, काई लेनो-देना नेतावा ने। बात सुरक्षा की आई तो बोली कि महिलाएं घर से अकेली कैसे बाहर निकले। यहां से चीरवा गांव के हैंडपंप पर पानी भरती महिलाएं बोलीं घरों में पानी नहीं आता है इसलिए वे अकेले पानी लेने आती है, सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है। लक्ष्मी व टमू बाई बोलीं एक साल से पाइपलाइन टूटी पड़ी है। तुलसी, मांगी बाई और सुनकी भी बोलीं कि पानी भरने का काम महिलाओं के जिम्मे है तो वे ही इस समस्या से जूझ रही हैं। घर-घर शौचालय बन गए पर पानी कहां है? पूरे 5 साल निकल गए लेकिन कोई भी यहां उनकी समस्या या उनके हालचाल जानने नहीं आया। इस बार वापस कोई और आएगा लेकिन हम अब उनकी बातों में नहीं आएंगे। इस बार वोट सोच-समझकर ही देंगे। खेमली चौराहा पर चर्चा की तो वहां जमा लोग बोले- विधायक आते तो है पर पार्टी वालों के बीच जनता के बीच नहीं। पलाना कला गांव में एक महिला से पूर्व विधायक के सक्रिय रहने की बात पूछी तो उनको पूर्व विधायक का नाम ही पता नहीं था, कहा कि चुनाव आते है तो सब आते है। मावली रेलवे स्टेशन पर महिलाओं से बातचीत की तो बोलीं, ट्रेन हो या बस हमारी सुरक्षा के उपाय दिखते नहीं है, अकेले निकलना मुश्किल हो गया है। गायरियावास की आशा सहयोगिनी गुलाब गायरी कहती हैं रोजगार को प्राथमिकता मिले। पुराने बस स्टैंड पर गृहिणी गीता देवी ने कहा, सुलभ शौचालय की जरूरत बताई। गृहिणी संगीता पालीवाल ने महिला शिक्षा के लिए कॉलेज और महिला पुलिस थाना खुलवाने पर जोर दिया।

शहर से सटे बेदला गांव की पुलिया पर पहुंची तो पास ही बालाजी मंदिर के बाहर फूल बेचने वाली बसंती देवी ने बताया, सफाई व्यवस्था सही नहीं है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने हमें भी इशारा करके बताया कि आप ही देखो यहां मंदिर के पास ही कचरे का ढेर लगा हुआ है। सफाईकर्मी आते ही नहीं हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बसंती के पास खड़ी अनीशा के चेहरे पर भी गुस्से के भाव दिखे, अनीशा बोलीं, स्वच्छता अभियान केवल शहरों तक ही सीमित होकर रह गया है। यहां कोई नहीं आता। गंदगी ऐसे ही पड़ी रहती है जिससे मक्खी और मच्छर पनप रहे हैं। विधायक यहां का रास्ता ही भूल गए हैं शायद इसलिए अपने क्षेत्र की खबर लेने आते ही नहीं हैं। अब फिर से चुनाव आ गए हैं, अब हम उन्हें बताएंगे कि जनता की ताकत क्या होती है...। सापेटिया की टूटी सडक़ों से आगे बढ़ी और पहुंची अंबेरी गांव। वहां फूलों को पिरोते हुए माला बना रही चेतना माली कहती है कि यहां सडक़ की समस्या है। सडक़ पर बरसों से गड्ढे हैं जिन्हें भरा नहीं गया है और ना ही सडक़ चौड़ी की गई है जिससे यहां आने-जाने वालों को बहुत समस्या होती है। छोटे बच्चे सडक़ पर ही खेलते हैं जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, उन्होंने बताया कि कई परिवारों को पिछले कुछ साल से राशन के गेहूं भी नहीं मिल रहे हैं तो कुछ महिलाओं के नाम भी भामाशाह में नहीं जुड़ पाए हैं। कई घर ऐसे हैं जहां सिर्फ महिलाएं ही घर खर्च चलाती हैं। तो उन्हें अधिक समस्या हो रही है।

Published on: