
Rajasthan Tourism : झीलों की नगरी उदयपुर में अक्टूबर माह इस बार पर्यटन के लिहाज़ से ऐतिहासिक साबित हुआ। अक्टूबर 2025 में पिछले डेढ़ दशक का रिकॉर्ड टूटा है। सिर्फ देसी ही नहीं, विदेशी सैलानियों की तादाद में भी बेतहाशा वृद्धि देखने को मिली। उदयपुर के होटल, रिसॉर्ट, हेरिटेज स्थलों और बाजारों में पूरे महीने रौनक छाई रही। इस माह दीपावली का त्योहार भी उदयपुर के लिए शुभ रहा। दीपोत्सव के दौरान पर्यटन का बूम रहा। लाभपंचमी पर गुजरातियों समेत कई प्रदेशों के सैलानियों ने भ्रमण किया।
पर्यटन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में कुल 233000 भारतीय और 17145 विदेशी पर्यटक उदयपुर पहुंचे। यह बीते 15 वर्षों में सबसे बड़ा आंकड़ा है। जबकि 2024 में इसी महीने कुल 1,55,000 भारतीय और 17490 विदेशी पर्यटक आए थे।
1- हेरिटेज और नेचर का अनूठा संगम है उदयपुर।
2- सभी तरह की होटल चैन उपलब्ध।
3- मानसून के बाद झीलों का लबालब होना और हरियाली का खूबसूरत नज़ारा।
4- शादी-विवाह सीजन शुरू होने से डेस्टिनेशन वेडिंग्स में उछाल।
5- कई अंतरराष्ट्रीय टूर पोर्टल्स ने शहर को ‘बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन’ और ‘मोस्ट रोमांटिक सिटी’ में शामिल किया।
6- सहेलियों की बाड़ी, फतेहसागर-पिछौला, सिटी पैलेस और बोटिंग जैसी गतिविधियों की बढ़ती लोकप्रियता।
कोविड के कारण विदेशी पर्यटकों की संख्या अचानक घट गई थी। अब धीरे-धीरे दोबारा बढ़ रही है। 2024 और 2025 के अक्टूबर माह में विदेशी पर्यटकों की तादाद तुलनात्मक रूप से अच्छी रही। फ्रांस, अमेरिका, यूके, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया से आने वाले टूर ग्रुप्स सबसे आगे रहे। पर्यटन विभाग का मानना है कि 2025 में अक्टूबर का आंकड़ा इससे भी ऊपर जा सकता है, क्योंकि पर्यटन के क्षेत्र में कई नवाचार हो रहे हैं।
होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अ्ग्रवाल के अनुसार, अक्टूबर के दौरान शहर के होटल फुल रहे। पुराने शहर के रेस्तरां और बाज़ारों में फुटफॉल सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना रहा। पर्यटन स्थलाें पर पर्यटकों की रेलमपेल रही।