उदयपुर

एक बार फ‍िर राजस्‍थान हुआ शर्मसार, नाबालिग युवती के साथ अपचारी ने क‍िया बलात्कार और वीड‍ियो क‍िया वायरल

- अपचारी डिटेन, वीडियो बनाने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, पीडि़ता का भाई पहुंचा थाने, पुलिस ने कोर्ट में करवाए बयान
2 min read
May 16, 2019
rape accused
एक बार फ‍िर राजस्‍थान हुआ शर्मसार, नाबालिग युवती के साथ अपचारी ने क‍िया बलात्कार और वीड‍ियो क‍िया वायरल

मो. इलियास/उदयपुर. अलवर के थानागाजी की तरह ही शहर के प्रतापनगर थानाक्षेत्र में भी एक आदिवासी नाबालिग के साथ अपचारी द्वारा बलात्कार करने व तीन आरोपियों द्वारा उसका वीडियो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रातोंरात पीडि़ता का मेडिकल करवाने के साथ ही अपचारी को डिटेन किया तथा वीडियो बनाने वाले आरोपियों को पकड़ लिया। पीडि़ता ने अपने बयानों में वीडियो बनाने वाले आरोपियों पर छेडख़ानी का आरोप भी लगाया।

एएसपी गोपालस्वरुप मेवाड़ा ने बताया कि मंगलवार देर रात पीडि़ता का भाई ने प्रतापनगर थाने पहुंचकर बलात्कार व वीडियो वायरल की रिपोर्ट दी थी। सूचना पर महिला प्रकोष्ठ अनुसंधान के उपाधीक्षक चेतना भाटी ने मामले की जांच करते हुए रात को ही अपचारी डिटेन किया तथा वीडियो वायरल करने वाले आरोपी रेबारियों का गुड़ा निवासी भरत पुत्र माधवलाल रेबारी, ई-क्लास कॉलोनी निवासी मनीष पुत्र अनिल राजपाल व ढिकली निवासी देवीलाल पुत्र घीसूलाल गमेती को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अब तक आरोपियों ने एक दूसरे तथा पीडि़ता के भाई को वीडियो वायरल करने की बात बताई है। पुलिस अभी इस मामले में आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। इधर, पुलिस ने देर रात को ही पीडि़ता का मेडिकल करवाने के साथ ही सुबह उसके न्यायालय में 164 के बयान भी करवा दिए।


पीडि़ता ने कहा-अपचारी ले गया पहाड़ी पर

पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि गत 10 मई को अपचारी उसे जबरन प्रतापनगर क्षेत्र के बाइपास की तरफ ही पहाड़ी पर ले गया। वहां पर अचानक पहुंचे आरोपियों ने बचाव के बजाए उसका वीडियो बना दिया। उसके बाद वह वहां से अपने घर आ गई, किसी को भी उसने इसके बारे में नहीं बताया। चार दिन बाद यह वीडियो पीडि़ता के भाई तक पहुंचा तो वह सीधा थाने पहुंचा।
--

मामले की गंभीरता को देखते ही देर रात रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही पीडि़ता के बयान व मेडिकल करवा दिए थे। बयानों के बाद अपचारी को डिटेन किया तथा वीडियो बनाने वाले तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गोपाल स्वरुप मेवाड़ा, एएसपी शहर

Updated on:
16 May 2019 01:04 pm
Published on:
16 May 2019 01:04 pm