
उदयपुर/ गोगुंदा. ratri chaupal सायरा पंचायत समिति के तरपाल गांव के राजीव गांधी सेवा के्रन्द मे आयोजित उपखंड स्तरीय रात्रि चौपाल मंगलवार को औपचारिकता की भेंट चढ़ गई। अधिकारियों के बीच समस्याएं उठाने वाले एक युवक को चौपाल से बाहर का रास्ता दिखाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम सेवक ने चौपाल की सूचना महज एक घंटे पहले नोटिस चस्पा कर दी। पंचायत के वार्ड पंच मूरीलाल अग्रवाल ने आरोप लगाया की ग्राम सेवक ने किसी भी वार्डपंच को सूचना नहीं दी। अधिकारियों के आने पहले ग्राम सेवक ने गांव में चौपाल का नोटिस चस्पा किया। पंकज अग्रवाल ने बताया कि शिकायत दर्ज कराते समय विभागीय कार्मिकों ने उन्हें अटल सेवा केंद्र से बाहर धकेल दिया। आरोप है कि ग्राम सेवक की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भी अनदेखी की जाती है। आरोप लगाया कि ग्राम सेवक ने अधिकारियों के समक्ष फटकार से बचने के लिए भीड़ के नाम पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मौके पर एकत्र किया। उपसरपंच सहित अन्य वार्ड पंचों ने रात्रि चौपाल की सूचना नहीं देने का विरोध जताया।
अच्छी थी भीड़
उपखंड कार्यालय की ओर से तय समय पर ग्राम पंचायत को रात्रि चौपाल की सूचना दी गई थी। चौपाल में ग्रामीणों की भीड़ भी अच्छी थी। ग्रामीणों ने नहर, सड़क जैसी समस्याएं उठाई थी। चौपाल में व्यवधान डाल रहे युवक को कार्यक्रम स्थल के बाहर समस्या बताने को कहा था।
जितेंद्र पाण्डे, उपखण्ड अधिकारी, गोगुंदा