
मुकेश हिंगड / उदयपुर . नगर विकास प्रन्यास (यूआईटी) और रेलवे की सहभागिता से ठोकर चौराहे पर रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) बनेगा। इसका आधा-आधा खर्च रेलवे और यूआईटी वहन करेंगे। करार के तहत यूआईटी ने प्रथम किस्त के रूप में 50 लाख रुपए की राशि रेलवे को जारी की है। ठोकर चौराहा के पास समपार फाटक संख्या-76 पर आरयूबी का निर्माण 5.50 मीटर गुणा 4.00 मीटर के दो पृथक सेल में होगा। इसका निर्णय 20 फरवरी 2017 को लिया गया था। इसके बाद रेलवे ने जरूरी कार्रवाई कर निविदाएं आमंत्रित की।
नौ माह में बनेगा ओवरब्रिज
इस आरयूबी का निर्माण रेलवे ही करवाएगा। रेलवे ने इसके लिए एक मई को 2.36 करोड़ रुपए का कार्यादेश संवेदक को जारी किया। इसमें कार्य पूर्ण करने की नियत अवधि 9 माह है। इसको देखते हुए यूआईटी ने अपनी सहभागिता राशि प्रथम किस्त के रूप में 50 लाख रुपए रेलवे को हस्तांतरित किए हैं। यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने बताया कि इस आरयूबी निर्माण के बाद प्रतापनगर क्षेत्र, डबोक एयरपोर्ट, हिरणमगरी क्षेत्र तथा मादडी इण्डस्ट्रीयल एरिया आदि के लोगों को सुविधा मिलेगी।
टीएसपी में शामिल हों जिले के 90 और गांव
उदयपुर. वल्लभनगर विधायक रणधीरसिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में जिले के 90 और गांवों को जनजाति उपयोजना क्षेत्र (टीएसपी) में शामिल करने की मांग रखी है। उन्होंने पत्र में कहा कि इन गांवों की सूची जनजाति विभाग मंत्री नन्दलाल मीणा को भेजे थी। इसमें वल्लभनगर क्षेत्र के ऐसे गांवों के नाम थे। वर्तमान में वल्लभनगर क्षेत्र के 22 गांवों को इस सूची में शामिल किया है। विधायक का आरोप है कि 90 गांव ऐसे है, जिन्हें अधिसूचित क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया।