
उदयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से शैक्षिक परीक्षा का कैलेंडर जारी नहीं करने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस बार स्कूल व्याख्याता परीक्षा ३ से १३ जनवरी, २०२० में प्रस्तावित कर दी गई है। इसमें कई एेसे अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है, जो एमए व बीएड फाइनल की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद थी कि परीक्षा- जुलाई अगस्त में होगी तब तक डिग्री हाथ में आ जाएगी लेकिन परीक्षा की तारीख पूर्व में दो बार स्थगित कर दी गई। उसके बाद सितम्बर में पुन: ऑनलाइन फार्म रि-ओपन कर दिए गए। इसके लिए १ लाख ८५ हजार आवेदन किए गए। करोड़ों का राजस्व आरपीएससी को मिल गया लेकिन परीक्षा कब होगी इसे लेकर असमंजस कायम रहा। अब जैसे ही जनवरी की तारीख आई इसमें शामिल कई विद्यार्थी, जिनकी डिग्री जुलाई-अगस्त में पूरी होगी वह स्वत: ही बाहर हो जाएंगे। ये अभ्यर्थी अब परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाते हुए अगस्त में करवाने की मांग कर रहे हैं।