
भुवनेश पंड्या/ उदयपुर . राजस्थान प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए अध्यापक भर्ती 2018 में लेवल प्रथम के अभ्यर्थियों को फिलहाल नौकरी नहीं मिलेगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने आदेश में बताया कि इन अभ्यर्थियों के केवल दस्तावेजों का सत्यापन किए जाए। फिलहाल उन्हें पदस्थापन नहीं दिया जाए। आदेश में न्यायालय में चल रहे मामले का भी उल्लेख किया गया है। इससे स्पष्ट है कि प्रारंभिक शिक्षा से सिक्स डी में शिक्षक माध्यमिक स्कूलों में तो चले गए, लेकिन प्रारंभिक शिक्षा विभाग को फिलहाल शिक्षक नहीं मिल पाएंगे।
यह है स्थिति : जिले के प्रारम्भिक शिक्षा में 2018 शिक्षक भर्ती में लेवल 1 के 1617 शिक्षक अभ्यर्थियों की नियुक्ति से पूर्व ही प्रारम्भिक शिक्षा के 665 शिक्षकों को 6डी के तहत सेटअप परिवर्तन कर माध्यमिक शिक्षा में भेजने से इस सेटअप के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी हो गई है। कई विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या शून्य हो गई है और सैकड़ों विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे हो गए हैं। जबकि पूर्व में भी प्रारम्भिक शिक्षा के लगभग 12,289 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 8758 शिक्षक कार्यरत थे, जबकि 3531 पद रिक्तचल रहे थे। वर्तमान में सभी विद्यालयों मे नए सत्र 19 जून से 31 जुलाई तक प्रवेशोत्सव के साथ-साथ ड्रॉप आउट 6 से 14 वर्ष के बालकों को जोडऩे का कार्य भी चल रहा है।
आठ दिन पूर्व काउंसलिंग
माध्यमिक शिक्षा से प्रारंभिक शिक्षा में भेजने के लिए शिक्षकों की थ्री बी काउंसलिंग आठ दिन पहले हो चुकी है, लेकिन अभी तक पदस्थापन आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
ये हैं आदेश
उच्च न्यायालय जयपुर में विवेककुमार बनाम सरकार व महेन्द्र कुमार जोटालिया बनाम सरकार के विचाराधीन प्रकरण में पारित अन्तरिम आदेश के तहत अभ्यर्थियों के केवल दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग ही होगी। पदस्थापन आदेश जारी नहीं होंगे। किसी भी नव चयनित अभ्यर्थी को नियुक्ति नहीं मिलेगी। साथ ही पदस्थापन नहीं किया जाएगा। नियुक्ति या पदस्थापन इन याचिकाओं के निर्णय के बाद ही हो पाएगा।
बीईईओ को निर्देश
प्रयास करेंगे कि कोई स्कूल खाली नहीं रहे। फिलहाल तो सिक्स डी वाले गए नहीं हैं। उन्हें 18 तक भेजा जाएगा। सभी बीईईओ को कहा है कि व्यवस्था कर लें।
आरके गर्ग, डीईओ प्रारंभिक, उदयपुर
स्कूलों के हाल बिगडऩे वाले हैं क्योंकि पहले चरण में सिक्स डी में इतने शिक्षक चले गए तो अगले चरण तक तो स्कूल ‘हांफने’ लग जाएंगे। नए शिक्षक नहीं आना और पुरानों का चले जाना बड़ा संकट बनकर उभरेगा।
शेर सिंह चौहान, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजस्थान शिक्षक एवं पंचायतीराज कर्मचारी संघ