
हेमन्त गगन आमेटा/ भटेवर. उदयपुर जिले से चालीस किमी दूर भटेवर का आमलिया तालाब प्रवासी परिदों से आबाद है प्रवासी परिंदों को देखने के लिए देशी विदेशी पर्यटक भटेवर तालाब पर पहुंच रहे हैं। इसमें सोमवार को सिंगापुर से विदेशी पर्यटकों का पांच सदस्यीय दल देर शाम को भटेवर पहुंचा जिन्होंने आमलिया तालाब में पक्षी दर्शन करते हुए रोमांच उठाया। इसके साथ इन्होंने प्रवासी परिंदो को कैमरे में कैद किया वहीं पेंटेड स्ट्रोक, पेलिकन, ग्रेटल फलेमिंगो, लिटिल कोरमोरेंट सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की अठखेलियां देखी। भटेवर के तालाब पर पर प्रवासी पक्षियों का आना-जाना रहता है। वन विभाग की ओर से भी आने वाले पक्षी प्रेमियों को भटेवर सहित अन्य तालाब पर भेजा जाता है। उदयपुर-मंगलवाड़ हाइवे पर स्थित भटेवर गांव में बर्ड फेयर के दौरान भी कई पर्यटक व पक्षीविद तालाब का रूख किया है। इस सिंगापुर के दल के सदस्यों का पक्षी मित्र दुष्यंत जणवा, विकास धाकड, धर्मेन्द्र नागदा, हरीश जणवा, राजमल जणवा ने मार्ग दर्शन करते हुए तालाब पर कई प्रजातियों के दर्शन करवाए । इसको लेकर पक्षी मित्रों ने बताया कि भटेवर के आमलिया तालाब पर हर वर्ष सर्दियों के मौसम में मेहमान पक्षियों का लगातार आना जाना हो रहा है जिससे तालाब पर पक्षियों के सुंदर दृश्य देखने को मिल रहे हैं। भटेवर गांव नेशनल हाइवे के साथ उदयपुर जिले के मध्य में स्थित है जहां पर आवागमन के साधनों की भरपूर सुविधा उपलब्ध है गांव के युवा और प्रशासन जागरूक हो तो यह एक पर्यटन हब के रूप में विकसित हो सकता है।