
सिरोही. गर्मी का असर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मानव तो जैसे-तैसे अपनी जरूरतों को पूरा कर लेता है, लेकिन पशु-पक्षियों को दाना-पानी के जुगाड़ में काफी भटकना पड़ता है। निरीह जानवरों और पक्षियों को राहत देने के लिए सिरोही के युवाओं ने सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाया और इसके माध्यम से पशु-पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की जा रही है।
जल ही जीवन है (सेव वाटर) ग्रुप के मुख्य संरक्षक रघु भाई माली ने बताया कि हमारे ग्रुप में स्थानीय एवं प्रवासी भामाशाहों के साथ कई युवा जुडे़ हुए हैं। इस ग्रुप के सदस्य भीषण गर्मी में पशु पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। भामाशाहों से मिलने वाले सहयोग से ग्रामीण एवं वन्य क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए एवं पशु पक्षियों के लिए पानी के टैंक बनाकर एवं प्राकृतिक टैंक में टैंकरों द्वारा पानी डलवाना, चारा डलवाना, पक्षियों के लिए दाना, बंदरों के लिए खाने की समय-समय पर व्यवस्था की जा रही है। ग्रुप ने शुक्रवार को अमावस्या के दिन भीषण गर्मी को देखते हुए तेलपुर के पास देवानिया महादेव मंदिर परिसर में पानी के टैंकर, बंदरों के लिए खाना, गौ माताओं को हरा चारा डलवाया। इस मौके पर ग्रुप के जितेंद्र सिंह, हिमांशु माली, संजय माली, कांतिभाई प्रजापति, अध्यापक रमेश मीणा, समाजसेवी कानाराम देवासी तेलपुर, कमलेश देवासी, समाजसेवी दिनेश घांची, योगांश मीणा, शोरांश मीणा, कमलेश आदि मौजूद थे।
फोटो - सिरोही. व्हाट्सएप्प गु्रप द्वारा बनाए गए पानी के होद में हलक तर करते ऊंट।