
परसाद. थाना क्षेत्र के खरबर पंचायत के हदात फला में पत्नी के सुसराल नहीं आने पर जमाई ने सास-ससुर पर चाकू से घातक वार किया। इससे ससुर की मौके पर ही हुई मौत हो गई और सास को गंभीर अवस्था में उदयपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, खरबर के हदात फला निवासी भीमा की बेटी अरुणा की शादी 3 वर्ष पूर्व डाकन कोटड़ा के मांगीलाल मीणा से हुई थी । शादी के बाद से ही वह शराब पीकर रोज अरुणा के साथ मारपीट करता था । इस बार राखी से पहले मांगीलाल ने कुल्हाड़ी से अरुणा के सिर पर वार किया जिससे उसे गंभीर चोट आई लेकिन किस्मत से उसकी जिंदगी बच गई । रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर अरुणा इस बार राखी पर अपने घर खरबर आई तो वापस सुसराल जाने से इनकार कर दिया । घर वालों ने भी परेशान बेटी को वापस भेजने से इनकार कर दिया जिस पर मंगलवार की रात को डाकन कोटड़ा निवासी जमाई अपने सुसराल आ पहुंचा और घर पर सास प्यारी देवी और ससुर भीमा के साथ मारपीट कर चाकू से वार किए। इससे भीमा की मौके पर ही मौत हो गई और प्यारी को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया। घटना के समय अरुणा अपने मामा के घर सडकडी गई हुई थी। घटना की जानकारी पर मौके पर थानाधिकारी सुभाष परमार पहुंचे। परमार ने बताया कि अभी अनुसंधान जारी है, जल्द ही इसका खुलासा होने की उम्मीद है । आरोपी मांगीलाल मीणा की तलाश जारी है। वहीं, बारिश के कहर के कारण मृतक के घर तक पहुंचने के लिए 5 किमी की जगह 15 किमी का चक्कर लगाना पड़ा ।