नई दिल्ली

उदयपुर के इस गांव में एक दशक से कोई नहीं पहुंचा थाने, आखिर क्या है इसकी वजह, पढ़ें पूरी खबर

मिसाल एेसी कि यहां के ग्रामीणों ने करीब एक दशक से पुलिस थाने का चेहरा तक नहीं देखा।
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2017, 12:07 PM IST
Feature image

कानोड़ (उदयपुर). आज जब हर ओर अपराध बढ़ रहे हैं, यह गांव सबके लिए मिसाल बन गया है। मिसाल एेसी कि यहां के ग्रामीणों ने करीब एक दशक से पुलिस थाने का चेहरा तक नहीं देखा। मामूली कहासुनी और विवाद पर लोग थाने पहुंच जाते हैं, लेकिन इस गांव के बाशिंदे एक चबूतरे पर बैठ आपसी समझाइश से ही मामले निपटा लेते हैं। थाने में फरियाद करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती।

यह मामला है उदयपुर जिले में वल्लभनगर तहसील की नगरपालिका कानोड़ से महज चार किमी दूर पीथलपुरा ग्राम पंचायत स्थित भीलों की भागल गांव का। जहां वर्षों बाद भी विकास की गंगा भले ही कोसों दूर नजर आ रही है, लेकिन इस गांव के आपसी विवाद वर्षों से आपस में मिल बैठकर निपटाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों की एेसी अनूठी पहल जानने के लिए पत्रिका टीम पहुंची तो लोगों ने समझा बिजली समस्या का समाधान करने वाले आए हैं। एेसे में कई तो बिल दिखाते हुए कहने लगे 'देखिए, बीपीएल का कनेक्शन होने पर भी बिल जरूरत से ज्यादा आ रहा है, समाधान करवाओ... हम गरीबों की तो कोई सुनता ही नहीं है।'

तेल व चुग्गे का दंड

ग्रामीण रूपलाल, मांगीलाल, ऊंकारलाल, मोहनलाल, रामलाल, बद्रीलाल, प्रकाश व श्याम भील बताते हैं कि किसी ने शराब पीकर विवाद किया तो उस पर माताजी के चबूतरे पर 101 से 501 रुपए तक जुर्माना होताहै। यह राशि धर्मस्थल पर खर्च होती है। पारिवारिक या सामाजिक झगड़े भी मंदिर में दीपक के लिए तेल अथवा कबूतरों के चुग्गे जैसे दण्ड और सबक के जरिए सुलझा दिए जाते हैं। ग्रामवासी सबके सामने दण्ड की राशि को अपनी इज्जत और सम्मान का प्रश्न मानते हैं। इसी कारण देवी के मंदिर में सार्वजनिक शर्मिन्दगी और दंड से बचने के लिए जागरूक रहते हैं।


पुलिस बोली-मिसाल है यह गांव

थानाधिकारी राजेन्द्र गोदारा बताते है कि थाना क्षेत्र के गांव भीलो की भागल में करीब एक दशक से एक भी मामला थाने में दर्ज नहीं हुआ और न ही कोई मामला थाने तक पहुंचा है। इसकी तह तक जाने पर पता लगा कि गांव में आपसी मामले परस्पर समझ से निपटा दिए जाते हैं। वे कहते हैं कि इस गांव के लोगों की तरह अन्य ग्रामीणो को भी सीख लेनी चाहिए। इससे न सिर्फ अपराध बल्कि अनावश्यक मुकदमे भी कम होंगे।

Published on: