उदयपुर

ट्यूशन जाने के लिए निकला था लेकिन ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

- अशोकनगर रोड नम्बर 10 पर हुआ हादसा, दो बहनों पर इकलौता भाई था मृतक
less than 1 minute read
May 10, 2019
up news
सभी मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया

मो. इलियास/ उदयपुर . अशोकनगर में रोड नम्बर 10 पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक स्कूली छात्र की मृत्यु हो गई। इसी तरह उल्टी-दस्त से एक कॉलेज छात्र की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि न्यू भूपालपुरा निवासी हर्ष (14) पुत्र संजय मित्तल महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। शाम करीब 4 बजे वह स्कूटी से निजी संस्थान में ट्यूशन के लिए जा रहा था। अशोकनगर में रोड नम्बर 10 पर चल रहे सिवरेज काम के दौरान वह वहां गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। सिर पर गहरी चोट लगने से काफी खून बह गया। मौके पर मौजूद लोग उसे एमबी. चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां कुछ समय के बाद ही उसने दम तोड़ दिया। उसके दो बहनें हैं। दुर्घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्हें जब मौत की सूचना मिली तो उनकी वहीं रुलाई फूट पड़ी। पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर रखवाया है। शुक्रवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इधर, पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर जब्त कर चालक भूपालसागर निवासी रतन गाडऱी को गिरफ्तार किया।

उल्टी-दस्त से पीडि़त एसएस कॉलेज के छात्र रायबरेली निवासी धर्मेन्द्र पुत्र छोटूलाल यादव की मृत्यु होने पर पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम करवाया। इसी तरह बी.एन.कॉलेज के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल स्कूटी सवार कुमावतपुरा निवासी ललित (60) पुत्र श्यामसुन्दर कुमावत ने एमबी चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। काया के निकट टेम्पो पलटने से माधू (43) पुत्र लालू मीणा की मौत होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया।

Published on:
10 May 2019 12:00 pm