उदयपुर

Udaipur News: स्कूल में छात्र से मुर्गा कटवाना टीचर को पड़ा महंगा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने लिया बड़ा एक्शन

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर जिले में परीक्षा के वक्त छात्र से मुर्गा कटवाना एक टीचर को काफी महंगा पड़ गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2025, 3:18 PM IST
madan-dilawar-2

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में परीक्षा के वक्त छात्र से मुर्गा कटवाना एक टीचर को काफी महंगा पड़ गया है। शिक्षक विभाग ने छात्र से मुर्गा कटवाने वाले टीचर मोहनलाल डोडा को निलंबित कर दिया है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के निर्देश यह कार्यवाही हुई है।

दरअसल, कोटड़ा क्षेत्र के राउमावि सावन का क्यारा में टीचर ने परीक्षा दे रहे 9वीं कक्षा के छात्र को बीच में उठाया और उससे मुर्गा मंगवाया। इसके बाद छात्र से ही मुर्गा कटवाया। इस घटना से शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया और फोटो वायरल होते शिक्षा विभाग ने टीचर पर बड़ा एक्शन लिया।

शिक्षा विभाग के आदेश में क्या?

शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने सरकारी स्कूल के टीचर मोहनलाल डोडा को निलंबित कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि टीचर मोहन लाल डोडा ने परीक्षा के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्र से मुर्गा कटवाने का कृत्य किया गया और नियमित रूप से मिड डे मिल का संचालन नहीं किया जा रहा।

इस कृत्य से विभाग की छवि धूमिल हुई है। ऐसे में टीचर को निलम्बित किया जाता है। निलम्बन काल के दौरान टीचर का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, मावली जिला उदयपुर रहेगा। साथ ही निलम्बन काल में टीचर को 50 प्रतिशत निर्वाह भत्ता राउमावि, सावन का क्यारा ब्लॉक कोटडा से देय होगा।

ये है पूरा मामला

सावन का क्यारा स्कूल में अध्ययनरत कक्षा 9वीं के छात्र राहुल कुमार पारगी से शनिवार को अध्यापक मोहनलाल डोडा विद्यालय परिसर के पास ही मुर्गा कटवाकर साफ करवाया। जबकि राहुल की विद्यालय में परीक्षा चल रही थी। यह देख स्थानीय लोगों ने छात्र के मुर्गा साफ करते हुए फोटो वायरल कर दिए। भनक लगते ही शिक्षक मौके से मुर्गा लेकर स्कूल से भाग गया।

सूचना पर कोटड़ा भाजपा मंड़ल अध्यक्ष हिम्मत तावड़ ने उपखंड अधिकारी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोटड़ा उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार, आरआई सोनल अहारी, जिला परिषद सदस्य रणजीत पारगी भी सावन का क्यारा स्कूल पहुंचे और छात्र से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद शिक्षा विभाग ने अब टीचर को निलंबित कर दिया है।